कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा रविवार को उज्जैन पहुंचे। उन्होंने महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान के महाकाल के दर्शन किए। कहा कि परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की है।
जानकारी के मुताबिक रविवार को वाड्रा उज्जैन पहुंचे थे। यहां से वे सीधे महाकाल मंदिर पहुंचे। करीब 20 मिनट तक मंदिर में रुके।
गर्भगृह में महाकाल का दर्शन पूजन किया। बाहर नंदी हॉल में गए नंदी के कानों में अपनी मनोकामना कही। दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा में वाड्रा ने कहा कि अपने परिवार की खुशहाली के लिए पूजन पाठ किया है।
राजनीतिक बयानबाजी से दूर ही रहे मगर जाते-जाते ये कह गए कि कि भाजपा ने मंदिर में कोई काम नहीं कराया।
हमारी सरकार ने जो किया, उसके कारण महाकाल मंदिर के आसपास बहुत सारे काम दिख रहे हैं। केंद्र सरकार अभी और महंगाई बढ़ाएगी।
वाड्रा ने कहा कि ये लोग सिर्फ अपने बारे में सोचते हैं, आम लोगों के बारे में नहीं सोचते। इस दौरान उनके साथ नागदा के कांग्रेस विधायक दिलीप गुर्जर भी थे। भगवान महाकाल के अभिषेक के बाद वाड्रा मंदिर में भी घूमे।
उन्हें मंदिर के पुजारियों ने यहां चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की जानकारी दी। वाड्रा के आने की जानकारी लगने के बाद कई कांग्रेसी कार्यकर्ता भी मंदिर पहुंचे।
उन्होंने वाड्रा का स्वागत किया। महाकाल मंदिर की व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए वाड्रा ने कहा कि मंदिर में और विकास होना चाहिए।
आज महाकाल भगवान से प्रार्थना की है कि देश आगे बढ़े प्रगति हो और कोविड के लिए भगवान महाकाल से प्रार्थना की है। महाकाल मंदिर में दर्शन के बाद वे अंगारेश्वर मंदिर में पूजा के लिए रवाना हो गए। यहां भी उन्होंने पूजन किया।