National News – भारत में बढ़ेगा अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन, भारत से विदेश जाने वालों को भी वापसी में मिलेगी सुविधा

sadbhawnapaati
5 Min Read

– विदेशों से भारत आने वालों को क्वारंटीन छूट से यात्री उत्साहित
– 82 देशों से आने वालों को वैक्सीन के दोनों डोज लगे होने पर आने से पहले आरटी पीसीआर टेस्ट से भी छूट
National News. देश में कोरोना की तीसरी लहर का असर कम होते ही केंद्र सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर लागू की गई सख्ती कम करना शुरू कर दिया है।
इसके तहत विदेशों से भारत आने वाले यात्रियों के लिए सात दिन अनिवार्य क्वारंटाइन में रहने के नियम को वापस लिए जाने से यात्री काफी उत्साहित हैं, साथ ही रिस्क कंट्री की सूची को भी खत्म कर दिया गया है, वहीं अब 82 देशों से आने वाले यात्रियों को वैक्सीन के दोनों डोज लगे होने पर आने से पहले कोरोना की नेगेटिव आरटी पीसीआर रिपोर्ट लाने पर भी छूट दे दी गई है। इससे यात्रियों में काफी उत्साह है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। इससे पहले जारी गाइडलाइन में दुनिया के 19 से ज्यादा देशों को रिस्क कंट्री की सूची में रखा गया था, जहां से आने वाले हर एक यात्री को भारत आने पर एयरपोर्ट पर ही रैपिड या आरटी पीसीआर टेस्ट करवाना जरूरी था और रिपोर्ट आने तक एयरपोर्ट पर ही रुकना होता था, वहीं इस सूची के बाहर के अन्य देशों से आने वाले यात्रियों में से 2 प्रतिशत का एयरपोर्ट पर टेस्ट किया जाना जरूरी था, साथ ही विदेश से आने वाले सभी यात्रियों को सात दिनों तक क्वारंटाइन में रहना भी जरूरी था।
नई गाइड लाइन में मंत्रालय ने रिस्क कंट्री की सूची को खत्म करने के साथ ही सभी यात्रियों की जांच के नियम को भी खत्म कर दिया है।
अब विदेशों से भारत आने वाली हर फ्लाइट के सिर्फ 2 प्रतिशत यात्रियों की ही एयरपोर्ट पर जांच जरूरी होगी। ऐसे यात्रियों को भी सैंपल देने के बाद एयरपोर्ट पर रुकना जरूरी नहीं होगा।
रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें स्टैंडर्ड प्रोसिजर के तहत क्वारंटाइन सहित अन्य जांच से गुजरना होगा, वहीं अब किसी भी यात्री को क्वारंटाइन में रहना जरूरी नहीं होगा।

बढ़ेगा अंतरराष्ट्रीय पर्यटन

ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि एसोसिएशन द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर अध्यक्ष ज्योति मयाल के नेतृत्व में मंत्रालय से क्वारंटाइन के नियम को खत्म किए जाने की मांग की जा रही थी, क्योंकि इससे भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या काफी कम हो गई थी।
वहीं भारत से विदेश जाने वाले पर्यटकों के लिए भी वापसी पर यह नियम परेशानी भरा था।
कोरोना के घटते मामलों और एसोसिएशन की मांग पर नियम को बदले जाने से अब भारत में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बढ़ेगा इसके साथ ही भारत से विदेश जाने वाले यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी।
इससे एयरलाइंस को भी काफी फायदा होगा और घाटे में जा रहा पर्यटन उद्योग भी फिर से बेहतर स्थिति में जाएगा।

82 देशों से आने वाले यात्रियों को वैक्सीन लगे होने पर जांच से छूट

नई गाइड लाइन में 82 देशों की एक सूची को भी जारी किया गया है। ये वे देश हैं, जिनके साथ भारत का अनुबंध हुआ है। ऐसे देशों से आने वाले यात्रियों ने अगर वैक्सीन के दोनों डोज लिए हैं तो भारत आने से पहले ऐसे यात्रियों को कोरोना की नेगेटिव आरटी पीसीआर रिपोर्ट लाना जरूरी नहीं होगा। इस सूची में अमेरिका, इंग्लैंड, थाईलैंड, श्रीलंका, स्विट्जरलैंड, कतर, सिंगापुर, मलेशिया जैसे देश शामिल हैं।
हालांकि इंदौर आने वाली दुबई  फ्लाइट  को लेकर यूएई से ऐसा कोई अनुबंध नहीं है, अन्यथा भारत आने से पहले यात्रियों को यह रिपोर्ट साथ लाना जरूरी है, जो 72 घंटे से ज्यादा पुरानी नहीं होना चाहिए।
Share This Article