एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र पर शाम 5.30 बजे 0.1 मिमी बारिश दर्ज हुई। बादल छाए रहे और हवाओं के कारण मंगलवार को दिन के तापमान में नौ
डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य से नौ डिग्री कम था। दिसंबर माह में इस बार यह दूसरा मौका है जब अधिकतम तापमान 20 डिग्री से कम रहा है। मौसम विभाग में दर्ज रिकार्ड के अनुसार भी पिछले 30 साल में यह पहला मौका है जब अधिकतम तापमान दो बार 20 डिग्री से नीचे रहा है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक 16.2 डिग्री दर्ज किया गया।
कोहरा व कोल्ड डे की संभावना
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी वेद प्रकाश सिंह के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान पर सक्रिय है। वही राजस्थान के ऊपर प्रेरित चक्रवाती घेरा और उत्तर प्रदेश के ऊपर हवाओं का चक्रवाती घेरा बना हुआ हैं। ये तीनों चक्रवाती घेरे मिलकर मप्र के मौसम को प्रभावित कर रहे है। इसके अलावा एक द्रोणिका उज्जैन संभाग से जबलपुर संभाग तक जा रही है। जब कभी एक से अधिक सिस्टम होते है तो हवाओं का रुख भी लगातार बदलता रहता है। इंदौर में बुधवार सुबह कोहरा रहने और शीतल दिन रहने की भी आशंका जताई जा रही है। कोहरा का असर अगले दो से तीन दिन तक जारी रहेगा। बुधवार से दिन के तापमान घटेंगे वही रात के तापमान में भी गिरावट आएगी।
मंगलवार को धुंध का रहा असर, द्शयता में इस तरह आई गिरावट
सुबह 5.30 से 8 बजे – 4 हजार मीटर
सुबह 8 से 9 बजे- 3 हजार मीटर
सुबह 9 से 10 बजे- 2.5 हजार मीटर
सुबह 10 से 1 बजे- 3 हजार मीटर
दोपहर 1 से 5.30- 2 हजार मीटर
शाम 5.30 से 6.30 – 1.5 हजार मीटर