पुनरीक्षण कार्य को बताया पूर्ण पारदर्शी, शुद्ध, त्रुटि रहित तथा गुणवत्तापूर्ण
इन्दौर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी एस.बी. सिंह ने आज इन्दौर जिले के कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने इन्दौर जिले में चल रहे मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की प्रशंसा करते हुए सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां सभी कार्यवाही समय सीमा में पूर्ण शुद्धता और गुणवत्ता के साथ त्रुटि रहित की जा रही है।
बैठक में अपर कलेक्टर अभय बेडेकर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी तथा संयुक्त कलेक्टर प्रतुलचंद्र सिंहा, मुख्य प्रशिक्षक आर.के. पांडे सहित जिले के सभी रजिस्ट्रीकरण तथा सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार इन्दौर जिले में गत 4 अप्रैल से सभी नगरीय निकायों और पंचायत क्षेत्र की मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य जारी है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 10 मई को किया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार इन्दौर जिले में गत 11 अप्रैल तक प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में दावे आपत्ति प्राप्त किए गए थे। अब इन दावे आपत्तियों के निराकरण की कार्यवाही रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा की जाएगी।
बैठक में निर्देश दिये गये कि उक्त सभी कार्रवाई पूर्ण पारदर्शिता के साथ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की जाए। बैठक में प्रेक्षक एस.बी. सिंह ने कहा कि पुनरीक्षण कार्य का ग्रामीण तथा नगरीय क्षेत्रों में उनके द्वारा भ्रमण कर सघन निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के दौरान पूरी कार्रवाई संतोषप्रद पाई गई। उन्होंने इन्दौर जिले में चल रही कार्रवाई की प्रशंसा की और कहा कि यहां पूर्ण गंभीरता के साथ त्रुटि रहित कार्रवाई हो रही है।
बैठक में प्रतूलचंद्र सिन्हा ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गत 11 अप्रैल तक इन्दौर के नगर निगम क्षेत्र में वार्डवार प्राप्त दावे आपत्ति की संख्या 829 है तथा नगर परिषद में वार्डवार प्राप्त दावे आपत्तियों की संख्या 939 है। इस तरह 8 नगरीय निकायों में प्राप्त कुल दावे आपत्ति की संख्या 1 हजार 768 है तथा पंचायत क्षेत्रों में प्राप्त दावे आपत्ति की संख्या 5 हजार 274 है। इस तरह प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में इन्दौर जिले में कुल 7 हजार 42 दावे आपत्ति 11 अप्रैल तक प्राप्त किए गए हैं।

