इन्दौर। माफियाओं तथा गुंडागर्दी करने वालो को नेस्तनाबूत करने के अभियान के चलते आरोपियों के विरूद्ध कलेक्टर के निर्देशन में सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी सिलसिले में जेल रोड़ स्थित एक इमारत में विवादित पाँच दुकानों को सील कर दिया गया। उक्त कार्रवाई राजस्व, पुलिस एवं आबकारी विभाग के अमले द्वारा की गई।
एसडीएम अंशुल खरे ने बताया कि जेल रोड़ स्थित एक इमारत में पाँच दुकानों को लेकर जनता टेंट हॉउस तथा भांग घोटा ठेकेदार विशाल जायसवाल के मध्य विवाद चल रहा है। इस संबंध में गत दिनों विशाल जायसवाल के विरूद्ध एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों में उक्त संपत्ति को लेकर विवाद सामने आया।
एसडीएम अंशुल खरे के न्यायालय में दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा-145 के अंतर्गत प्रकरण चल रहा है। विवाद अभी विद्यमान है। प्रकरण के निराकरण में समय लगने की संभावनाओं को देखते हुये।
नायब तहसीलदार रितेश जोशी को रिसीवर नियुक्त किया गया है उन्होंने रिसीवर के दायित्वों को निर्वहन करते हुए पांचों विवादित दुकानें सील करवाई।

