इन्दौर। परशुराम महासभा की प्रदेश इकाई के प्रभारी पं. संजय मिश्रा ने उत्तर प्रदेश की तरह मध्यप्रदेश में भी ब्राह्मणों के लिए ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन करने, पुरोहित पेंशन योजना लागू करने तथा भगवान परशुराम की जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित करने की मांग की है।
पं. मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के साथ ही प्रदेश के ब्राह्मण समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले मंत्री पं. गोपाल भार्गव को ज्ञापन भेजकर उक्त मांगों को दोहराया है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में राष्ट्रीय ब्राह्मण योजना सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. आशुतोष पांडे ने परशुराम रथयात्रा निकालकर अपनी इन मांगों के लिए जन समर्थन जुटाया है और दोनों राज्यों में कांग्रेस-भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों ने आश्वस्त किया है कि इन तीनों मांगों को सरकार के गठन के बाद पूरा किया जाएगा।
मध्यप्रदेश में कोरोना काल के दौरान लगातार दो वर्षों से राज्य के मठ, मंदिरों के पुजारियों और पुरोहितों की स्थिति दयनीय बनी हुई है।
पूर्व में भी तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ तथा वर्तमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ब्राह्मण समाज की मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने की बातें कही, लेकिन अब तक इनमें से किसी भी मांग पर सरकार की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की गई है।
इस स्थिति में पुजारियों और पुरोहितों के सामने दो जून रोटी का संकट भी आ खड़ा हुआ है। ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों द्वारा दी जा रही राशन एवं आर्थिक मदद से ही इनका गुजारा चल रहा है।
यदि समय रहते इन मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो राज्य का ब्राह्मण समाज भी आंदोलन के लिए बाध्य हो जाएगा।