इंदौर। चेन व मंगलसूत्र लूटने वाले मोटू-पतलू गैंग ने पूर्वी क्षेत्र में 20 से ज्यादा महिलाओं को लूटना स्वीकारा है। आरोपित स्मैक का नशा कर वारदात करने निकलते थे। लूट का सोना सराफा के सुनारों को बेचना भी कुबूला है। आरोपितों ने विजय नगर, लसूड़िया, हीरानगर और तिलक नगर क्षेत्र में वारदात करना कुबूला है। हीरानगर थाना पुलिस गिरोह के एक बदमाश कृष्णा परमार की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित अभिषेक मेहरा, गौरव राठौर और योगेश टेकाम को सुखलिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में इन्होंने बताया कि गिरोह में कृष्णा परमार भी शामिल है, जो फरार हो गया। जांच अफसरों के मुताबिक, आरोपित दो-दो के जोड़े में लूट करने निकलते थे। अभिषेक मेहरा प्रत्येक जोड़े में शामिल रहता था। चारों आरोपित स्मैक, गांजा और शराब के शौकीन हैं। वारदात के पूर्व नशा करते थे। इसके बाद राह चलती महिलाओं से चेन या मंगलसूत्र लूटते थे। आरोपितों को पकड़ा तब भी वे नशे में थे।
पूछताछ में यह भी बताया रोजाना करीब आठ महिलाओं को लूटने की कोशिश करते थे और दो को लूटने में सफल हो जाते थे। शनिवार को भी विजय नगर क्षेत्र में दो महिलाओं को लूटकर भागे थे। उजाला होने से सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट हुलिया कैद हो गया और टीआई सतीश पटेल की टीम ने तीनों को सुखलिया से दबोच लिया। पुलिस ने जो बाइक जब्त की उस पर नंबर भी नहीं हैं। रविवार को पुलिस सोना जब्त करने सराफा गई लेकिन सुनार दुकान पर ताला लगाकर गायब हो गए। टीआई के मुताबिक, गिरोह करीब दो महीने से लगातार घटनाएं कर रहा था।