शहर के 25 स्थानों पर आयोजित योग शिविरों में सेवाएं देने वाले 101 योग गुरुओं का सम्मान
इन्दौर। योग मित्र मंडल के तत्वावधान में शहर के 25 स्थानों पर आयोजित निःशुल्क योग शिविरों में सेवाएं देने वाले 101 योग गुरुओं का सम्मान समाजसेवी एवं उद्योगपति भरत मोदी के मुख्य आतिथ्य में अहिल्या लाइब्रेरी के सभागृह में किया गया। अध्यक्षता दिलीप डोसी ने की। इस अवसर पर मोदी ने करतल ध्वनि के बीच योग मित्र भवन निर्माण की सम्पूर्ण जिम्मेदारी वहन करने की घोषणा की। यह भवन माउंटबर्ग कालोनी, मुंडला नायता क्षेत्र स्थित भूखंड पर बनाया जाएगा। प्रारंभ में प्राचार्य डॉ. अर्धेन्दु मिश्रा ने संस्था का एवं श्रीमती हेमलता अजमेरा ने अतिथियों का परिचय दिया। स्वागत उद्बोधन अध्यक्ष सतीश दुबे ने दिया। अतिथियों का स्वागत आलोक पंडित, डॉ.पुरुषोत्तम जांगड़े, अशोक गुप्ता, जयप्रकाश गुप्ता आदि ने किया। संचालन किया विद्याधन मूल्ये ने और आभार माना श्रीमती अजमेरा ने। समारोह में बड़ी संख्या में योग प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

