आगामी त्यौहार इन्दौर की गौरवशाली परम्परा के अनुरूप आपसी सौहार्द, एकता, शांति और हर्षोल्लास के साथ मनाये जाएंगे – 

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
3 Min Read

:: शांति समिति की बैठक संपन्न ::
इन्दौर। इन्दौर जिले में आगामी सभी त्यौहार इन्दौर की गौरवशाली परम्परा के अनुरूप आपसी सौहार्द, एकता, शांति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाए जाएंगे। त्यौहारों के दौरान गंगा जमुनी संस्कृति का पूरा पालन होगा। यह निर्णय शांति समिति की बैठक में लिए गए। बैठक में कलेक्टर मनीष सिंह, पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनीष कपूरिया, निगमायुक्त प्रतिभा पाल, विधायक विशाल पटेल सहित अन्य सभी अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर मनीष सिंह ने सभी सदस्यों से त्यौहारों के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में सुझाव लिये। उन्होंने कहा कि सदस्यों द्वारा दिये गये सभी सकारात्मक सुझावों का पूरा पालन किया जायेगा। उन्होंने सभी से अपील की कि आगामी त्यौहार इन्दौर की गौरवशाली परम्परा के अनुरूप मनाये जायें। कोरोना महामारी के पश्चात अब ऐसा समय आया है जब हम खुशनुमा वातावरण में त्यौहार मनायें। उन्होंने त्यौहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने का आग्रह भी नागरिकों से किया। उन्होंने होली के दौरान वृक्ष नहीं काटने की अपील की। साथ ही कहा कि होली विद्युत लाइन के नीचे नहीं जलायें। किसी के ऊपर जबरदस्ती रंग नहीं डालें। गुब्बारे भी नहीं फेंके। सभी नागरिक स्वअनुशासन का पालन करें।
पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्रा ने बैठक में कहा कि इन्दौर की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप सभी त्यौहार मनाएं। होली, रंग पंचमी और अन्य सभी त्यौहारों पर सुरक्षा के माकूल इंतजाम रखे जाएंगे। सभी थाना स्तरों पर बैठकें हो चुकी हैं। उन्होंने नागरिकों से कहा कि स्वअनुशासन का पालन करते हुए त्यौहारों को उत्साह के साथ मनाएं। सोशल मीडिया की भ्रामक खबरों पर ध्यान नहीं दें। कोई भी ऐसी गतिविधि नहीं करें जो किसी दूसरे के लिए अप्रिय हो।
बैठक में बताया गया कि आगामी त्योहारों के दौरान सभी धर्म स्थलों के आसपास साफ-सफाई, लाइट, पेयजल तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम संबंधित विभागों द्वारा किए जाएंगे। बैठक में होली और रंगपंचमी की व्यवस्थाओं के संबंध में विशेष रूप से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष रंगपंचमी के अवसर पर गेर परिवर्तित मार्ग से होकर निकलेगी। बैठक में आयोजकों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित मार्ग से ही गेर निकालें। गेर समय पर निकले। गेर में कोई भी आपत्तिजनक व्यवहार नहीं किया जाये। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि वे अस्पतालों और डिस्पेंसरी में आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था रखें। त्यौहारों के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का सतत भ्रमण कर व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे। होली और रंगपंचमी पर मदिरा की दुकानें भी बंद रहेंगी।
Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।