इन्दौर। आंचल, पूजा, लक्ष्मी, सरला और सुमन ये नाम उन शातिर महिलाओं के है, जो भिड़ भाड वाली जगहों पर जाकर महिलाओं के मंगल सूत्र उड़ा लेती है। पिछले दिनों इन्दौर के प्राणी संग्राहलय में एक महिला का मंगलसूत्र चोरी हो गया था।
उसने पुलिस में शिकायत की लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्यवाही नहीं की, बस सीसीटीवी फुटेज देखती रही..! आखिरकार पीडिता खुद ही लगातार रोजाना चिडियाघर जाने लगी और उसने उन महिलाओं को तलाशा जो वारदात के समय सीसीटीवी फुटेज में नजर आई थी। जैसे ही वे महिलाएं चिडियाघर में उसे नजर आई तो फिर पुलिस की मदद से उन्हें पकड़ा। आरोपी महिलाओं ने कई वारदातें कबूली है।
संयोगितागंज पुलिस के अनुसार निशा पति किशोर कुमार अनुरागी निवासी रुस्तम का बगीचा की रिपोर्ट पर पुलिस ने मंगलसूत्र चोरी के मामले में आरोपी आंचल, पूजा, लक्ष्मी, सरला और सुमन सभी निवासी भीम नगर राजनगर को पकड़ा है।
दरअसल फरियादी निशा अपने रिश्तेदारों को 26 जून को चिडियाघर घुमाने लाई थी यहां उसका मंगलसूत्र चोरी हो गया था। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखे तो चार पांच महिलाएं उन्हें घेरती हुई नजर आई थी।
फरियादी निशा का आरोप है कि उसने संयोगितागंज पुलिस को शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने खुद ही चिडियाघर की रेकी शुरू कर दी। एक सप्ताह तक वह रोज चिडिया घर पहुंची और उन महिलाओं को ढूंढती रही जिन्होंने उसका मंगलसूत्र चोरी किया था।
कल एक महिला पकड़ में आ गई। पुलिस थाने पर उसे लाया गया सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपने बाकी साथियों का भी नाम बता दिया। आरोपी महिलाओं ने बताया कि वह अक्सर भीड़भाड़ वाली जगहों पर इसी तरह के काम करती हैं।