प्लेबॉय नाम से बनाई फर्जी आईडी, फोटो वायरल की दी धमकी पुलिस ने दबोचा
Indore Crime News। राज्य साइबर सेल ने इंटरनेट मीडिया पर फर्जी आईडी से नाबालिग को धमकी देने वाले आरोपी अल्ताफ पिता वाहिद खान निवासी महेश्वर को गिरफ्तार किया है। एसपी जितेन्द्र सिंह ने बताया कि 3 अप्रैल को साइबर पुलिस को नाबालिग के स्वजनों ने शिकायत की थी कि कोई अज्ञात आरोपी ने उनकी बेटी की इंटरनेट मीडिया पर फर्जी आईडी बनाई है। आरोपी ने असली आईडी से बेटी की फोटो डाउनलोड की और फिर उन्हे एडिट कर वायरल करने की धमकी देकर बेटी से मिलने का दबाव बना रहा है। जिस आईडी से मैसेज आ रहे हैं वह प्लेबॉय के नाम से है।
शिकायत के बाद साइबर टीम ने जांच की तो आरोपित महेश्वर जिला खरगोन का निकला। आरोपी से पूछताछ की तो उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि वह अश्लील फिल्में देखने का आदी है। आरोपी ने अश्लील साइटों से फोटो लेकर नाबालिग की फोटो एडिट की। इसके बाद खुद की प्लेबाय के नाम से आईडी बनाई। नाबालिग की इंस्टाग्राम आईडी पर रिक्वेस्ट भेजी और फिर स्टोरी पर नाबालिग के एडिट किए हुए फोटो अपलोड कर दिए। आरोपित से घटना में उपयोग किया गया मोबाइल व सिम जब्त की है। आरोपित को गिरफ्तार कर साइबर पुलिस इंदौर ले आई है।


