Indore News. सरकारी विमानन कंपनी एअर इंडिया की इंदौर-दुबई उड़ान करीब 17 महीने के लंबे अंतराल के बाद बुधवार को बहाल होगी। मध्यप्रदेश की इस इकलौती सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान का परिचालन कोविड-19 के प्रकोप के कारण मार्च 2020 में रोक दिया गया था, जिसे महामारी की स्थिति नियंत्रण में आने के बाद दोबारा शुरू किया जा रहा है।
इस अवसर पर देवी अहिल्याबाई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शिरकत करेंगे।
अधिकारी ने बताया कि एअर इंडिया का विमान हर बुधवार को भारतीय मानक समय के मुताबिक इंदौर से दोपहर 12:35 बजे उड़ान भरकर दोपहर 03:05 बजे दुबई पहुंचेगा। वापसी में यह विमान दुबई से हर बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात के मानक समय के मुताबिक शाम 4:05 बजे रवाना होकर रात 8:55 बजे इंदौर आएगा।


