बिहार के लखीसराय में मंगलवार की सुबह कई लोगों के लिए काल बनकर आई। बिहार के लखीसराय में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है और 4 लोगों के घायल होने की सुचना है। ये हादसा ट्रक और सूमो में जोरदार टक्कर के बाद हुआ। जिसमें 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। हादसे की जानकारी सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने पुलिस को दी। तब हलसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो मंजर बेहद खतरनाक था। पुलिस द्वारा शवों की शिनाख्त की जा रही है।
सूमो में शव फंसे, सड़क पर बिखरी लाशें
जानकारी के अनुसार, यह हादसा लखीसराय जिले के सिकंदरा-शेखपुरा एनएच-333 पर हलसी थाना क्षेत्र के पिपरा गांव के समीप हुआ है। टक्कर के बाद सूमो के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि, हादसे का शिकार हुए सभी लोग सूमो में सवार थे। हादसे के बाद सड़क पर शव पड़े थे, जबकि दो लोगों के शव सूमो के अंदर फंस गए थे।
मरने वालों में दो महिलाएं भी, जमुई जिले के बताए जा रहे मृतक
अभी तक की जानकारी में सामने आया है कि, मरने वाले सभी लोग जमुई जिले के रहने वाले थे और पटना से आ रहे थे। मरने वाले छह लोगों में दो महिलाएं शामिल हैं। बताया जा रहा है कि जिस ट्रक से सूमो की टक्कर हुई उसमें एलपीजी सिलेंडर भरे हुए थे।