इंदौर में न्यू गौरी नगर में रहने वाले एमबीए के छात्र की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। उसका शव भानगढ़ रेलवे लाइन पर पटरी पर मिला।
परिवार इसे हादसा मान रही है, जबकि पुलिस इसे आत्महत्या मानकर जांच कर रही है। छात्र की मौत संदिग्ध परिस्थिति में हुई है। फिलहाल मामले में मर्ग कायम किया है।
टीआई सतीश पटेल के मुताबिक घटना रविवार दोपहर की है। यहां एंबुलेंस के चालक ने हादसे की जानकारी दी थी। मौके पर पहुंचकर शव की पहचान गौरी नगर में रहने वाले छात्र निहाल (20) पुत्र गणेश मालवीय के रूप में हुई।
वह प्रेस्टीज कॉलेज से एमबीए कर रहा था। इस साल वह फाइनल इयर की एग्जाम देने वाला था। जिसे लेकर दोस्तों के साथ तैयारी कर रहा था। निहाल के परिवार में छोटा भाई है। वहीं पिता प्रेस्टीज सोया में अकाउंट डिपार्टमेंट में काम करते है।
दोस्तों के साथ प्रोजेक्ट बनाने का कहकर गया था
पिता गणेश ने बातचीत में बताया कि निहाल मिलनसार और हंसमुख था। दोपहर में वह घर पर दोस्तों के साथ प्रोजेक्ट पर काम करने का कहकर गया था, लेकिन तीन बजे के लगभग वह सेल्फी लेने का कहकर दोस्तों से भानगढ़ इलाके में चले गया। यहां पिता ने भानगढ़ में ईट भट्टे पर काम करने वाले मजदूरों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि ट्रेन के पटरी पर आते समय निहाल ने कान में हेड फ्री लगा रखी थी। शायद आवाज को लेकर उसका ध्यान नहीं गया होगा।


