National News – देश के पहले CDS को आखिरी सैल्यूट, पार्थिव शरीर आज दिल्ली पहुंचेगा

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
4 Min Read

CDS रावत और पत्नी मधुलिका का पार्थिव शरीर आज दिल्ली पहुंचेगा; रक्षा मंत्री संसद में बयान देंगे

National News. देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत का तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलिकॉप्टर क्रैश में बुधवार को निधन हो गया। इस हादसे में जनरल रावत के साथ हेलिकॉप्टर में सवार उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत 11 अन्य सैन्यकर्मियों की भी मौत हो गई, जबकि एक ग्रुप कैप्टन की हालत गंभीर है।
इस हेलिकॉप्टर हादसे की वजह खराब मौसम को माना जा रहा है। सेना से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, वेलिंगटन का हेलिपैड घने जंगल और पहाड़ी इलाके के बाद पड़ता है। कुन्नूर के इस इलाके में अधिकतर मौसम खराब ही रहता है और लो विजिबिलिटी की समस्या बनी रहती है, जिसके चलते हेलिकॉप्टर को कम ऊंचाई पर उड़ाना पड़ता है। माना जा रहा है कि इसी खराब मौसम और लो विजिबिलिटी की वजह से ही हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ है।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका का अंतिम संस्कार शुक्रवार को होगा। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, गुरुवार शाम दोनों का पार्थिव शरीर दिल्ली लाया जाएगा। शुक्रवार सुबह इन्हें जनरल रावत के घर पहुंचाया जाएगा। यहां सुबह 11 से दोपहर 2 बजे के बीच लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। शवयात्रा कामराज मार्ग से बरार चौराहे तक होगी। दिल्ली कैन्टोन्मेंट में अंतिम संस्कार होगा। इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज संसद के दोनों संदनों में हादसे पर बयान देंगे।

हेलिकॉप्टर में सवार थे 14 लोग
तमिलनाडु के कुन्नूर में बुधवार दोपहर करीब 12 बजकर 20 मिनट पर CDS रावत का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था। उसमें जनरल रावत की पत्नी मधुलिका रावत समेत सेना के 14 लोग सवार थे। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।

बुधवार दोपहर तक ये खबर आती रही कि हादसे में घायल हुए कुछ लोगों को गंभीर हालत में वेलिंगटन के मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया। जहां से करीब साढ़े पांच घंटे तक खबर आती रही कि जनरल रावत और उनकी पत्नी समेत कुछ अफसर बुरी तरह घायल हुए हैं, लेकिन फिर बारी-बारी से मौत की खबर आने लगी।

दुर्घटना में इनकी मौत
हादसे का शिकार हुए Mi-17 V5 हेलिकॉप्टर में जनरल रावत, उनकी पत्नी के अलावा 12 लोग और थे। चॉपर में ब्रिगेडियर एलएस लिद्दर, लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह, विंग कमांडर पीएस चौहान, स्क्वॉड्रन लीडर के सिंह, नायक गुरसेवक सिंह, नायक जितेंद्र कुमार, लांस नायक विवेक कुमार, लांस नायक बी. साई तेजा, जूनियर वारंट ऑफिसर दास, जूनियर वारंट ऑफिसर ए प्रदीप और हवलदार सतपाल सवार थे। इन सभी की मौत हो गई।

सिर्फ ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह बचे

हेलिकॉप्टर क्रैश में सिर्फ ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह बचे हैं। उनका शरीर इस हादसे में बुरी तरह झुलस गया है। वे वेलिंगटन के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती हैं। पिछले साल तेजस फाइटर जेट उड़ाते वक्त उन्हें बड़ी तकनीकी दिक्कत का सामना करना पड़ा था, पर उन्होंने साहस नहीं खोया और विमान को सुरक्षित लैंड कराया था। इसके लिए उन्हें शौर्य चक्र से नवाजा गया था।

Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।