आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत राज्य शासन के शिक्षा विभाग द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर आधारित समारोह अनुगूँज 2021 का आयोजन 24 दिसम्बर को शाम बजे से रविन्द्र नाट्य गृह में आयोजित किया गया है। इस समारोह में गायन, वादन, नृत्य, नाटक सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। इस समारोह में सर्वप्रथम दीपिका सिंह के निर्देशन में सरस्वती आराधना की जायेगी। इसके पश्चात निर्देशक अक्षत गोयल की टीम द्वारा सुरों का सफर गायन होगा। दिग्विजय सिंह द्वारा निर्देशित पुण्य श्लोका अहिल्या जीवन वृत के नाटक की, रागिनी मक्खर द्वारा निर्देशित शास्त्रीय नृत्य एक भारत श्रेष्ठ भारत तथा निदेशक दिगदीप सिंह के निर्देशन में वाद्य यंत्रों का सुरमय संगम वादन किया जायेगा। यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति और STEAM पद्धति की अवधारणा के अनुसार कलाओं से शिक्षा को समृद्ध करने तथा कल्चर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने के उद्देश्य से शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों हेतु आयोजित किया जा रहा है।


