अब तक 15 हजार श्रद्धालुओं को तीर्थ स्थलों के दर्शन करा चुकी है संस्था श्री जय मां
इन्दौर। अब तक शहर के 15 हजार श्रद्धालुओं को विभिन्न तीर्थ स्थलों की निःशुल्क यात्रा करा चुकी संस्था श्री जय मां के तत्वावधान में इस बार भी 500 श्रद्धालुओं की माता वैष्णो देवी एवं मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन परिक्रमा सहित सात दिवसीय यात्रा रविवार 6 फरवरी से प्रारंभ होगी। इस दौरान भोजन एवं रात्रि विश्राम सहित सभी व्यवस्थाएं संस्था करेगी।
संस्था के अध्यक्ष चर्चित शास्त्री अभिभाषक ने बताया कि इस बार यात्रा में 400 महिलाएं एवं 100 पुरुषों को शामिल किया गया है। इन्दौर से 6 फरवरी को सुबह 11 बजे यह यात्रा प्लेटफार्म नं. 4 से कटरा के लिए प्रस्थित होगी। वहां से माता वैष्णोदेवी दरबार के दर्शन के बाद 9 फरवरी को सुबह मथुरा, वृंदावन के लिए प्रस्थित होकर 10 फरवरी को सुबह पहुंचकर वहां गोवर्धन परिक्रमा के बाद आसपास के धर्मस्थलों के दर्शन भी सड़क मार्ग से यात्री बसों से किए जाएंगे। 11 फरवरी की रात को सभी श्रद्धालु रात 11 बजे इन्दौर के लिए प्रस्थित होकर 12 की सुबह इन्दौर लौट आएंगे। यात्रियों के लिए भोजन एवं रात्रि विश्राम सहित सभी सुविधाएं संस्था द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है। यात्रा के दौरान कोविड नियमें का पालन करना अनिवार्य रखा गया है।