Religion News – विद्याधाम के प्रकाशोत्सव पर निकली शोभायात्रा, आज सात क्विंटल फूलों से सजेगा भव्य पुष्प बंगला 

sadbhawnapaati
4 Min Read

 स्वर्ण आभूषणों से अलंकृत मां पराम्बा निकली भक्तों को दर्शन देने

इन्दौर। विमानतल मार्ग स्थित विद्याधाम के 27वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में आज शाम सुसज्जित रथ में सवार स्वर्ण मुकुट एवं अन्य आभूषणों से अलंकृत मां पराम्बा ललिता महात्रिपुर सुंदरी अपने भक्तों को दर्शन देने नगर भ्रमण पर निकली तो भक्तों ने भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पुष्प वर्षा के बीच नाचते-गाते हुए उनकी अगवानी की।

आश्रम परिसर में निकली इस शोभायात्रा में भक्तों, विशेषकर महिलाओं का उत्साह देखते ही बनता था।
यात्रा के पूर्व आश्रम में दिनभर मां के मनोहारी श्रृंगार में अनेक वेदपाठी विद्वान जुटे रहे। आश्रम परिवार के पूनमचंद अग्रवाल, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेन्द्र महाजन ने बताया कि रथ को विभिन्न किस्म के सुगंधित फूलों से सजाया गया था।
इसी तरह आश्रम के संस्थापक पूज्य भगवान के विग्रह को भी एक सुसज्जित रथ पर विराजित कर मां के रथ के पीछे रखा गया था।
पूरे परिसर में भक्तों के बीच रथ को अपने हाथों से खींचने की होड़ लगी रही। कोरोना काल को देखते हुए इस बार यात्रा को आश्रम परिसर तक ही सीमित रखा गया था।
यात्रा में बालिकाओं के रूप में मातृशक्ति विभिन्न देवी-देवताओं के रूपों में सज-संवरकर आई थी।
स्वामी गिरिजानंद सरस्वती वेद वेदांग विद्यापीठ के भूदेव वैदिक मंत्रोच्चार करते हुए चल रहे थे। इस बार यात्रा भले ही परिसर में निकाली गई लेकिन भक्तों का उत्साह जबर्दस्त था।
आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, रमेशचंद्र राठौर, रमेश पसारी, सुरेश शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, संजय पंडित सहित अनेक श्रद्धालु पूरे समय व्यवस्थाएं संभाले रहे।
यात्रा के समापन पर आश्रम के 21 विद्वानों ने पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में मां भगवती को अर्ध्य देकर पूजन-अभिषेक के बाद मां को 56 भोग समर्पित किए।
इसके पूर्व 108 दीपों से महाआरती के दौरान आश्रम परिसर में भक्तों का सैलाब बना रहा। सुगंधित फूलों की वर्षा से आश्रम एवं मंदिर परिसर देर रात तक महकता रहा।

आज महायज्ञ की पूर्णाहुति, भव्य पुष्प बंगला सजेगा 

आश्रम परिवार के पूनमचंद अग्रवाल एवं पं. दिनेश शर्मा ने बताया कि आश्रम पर गत 2 फरवरी से चल रहे 27वें प्रकोशोत्सव का समापन गुरुवार 10 फरवरी को सायं 6 बजे से मां भगवती के मनोहारी पुष्प बंगले में भक्तों को दर्शन के साथ होगा।
मंदिर के स्थापना दिवस के मौके पर मां पराम्बा के लिए मनोहारी पुष्प बंगले का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें लिलियम, आर्केड, अंथोरियम, कार्नेशन, डचगुलाब, अशोक एवं केलों के पत्तों सहित करीब सात क्विंटल प्राकृतिक सुगंधित फूलों का प्रयोग किया गया है।
इस महल में लकड़ी, कांच की नक्काशी, रेशमी वस्त्रों का भी उपयोग हुआ है। पुष्प बंगले के दर्शन हेतु भक्तों की सुविधा के लिए आश्रम परिसर में समुचित प्रबंध किए गए हैं ताकि कतारबद्ध दर्शन के दौरान महिला-पुरुषों को असुविधा न हो।
इसके पूर्व अभिजीत मुहूर्त में पहले दिन से चल रहे सग्रहमख शिव-शक्ति महायज्ञ की पूर्णाहुति सहित अन्य अनुष्ठानों का भी विराम होगा।
आज महाअष्टमी के उपलक्ष्य में महायज्ञ में मां को विशेष आहुतियां समर्पित की गई। अब तक यहां 4 लाख से अधिक आहुतियां दी जा चुकी हैं। महानवमीं पर गुरुवार को विशेष आहुतियों के साथ पूर्णाहुति होगी।

आज विशेष श्रृंगार


गुप्त नवरात्रि के उपलक्ष्य में आज शाम मां का देवी अन्नपूर्णा के रूप में मनोहारी श्रृंगार किया गया, जिनके दर्शनार्थ देर शाम तक भक्तों का मेला जुटा रहा। गुरुवार 10 फरवरी की शाम को को ललिताम्बा के रूप में मां का श्रृंगार किया जाएगा।
Share This Article