विभागों को किये गये लक्ष्य आवंटित
इंदौर। पौधारोपण को जन आन्दोलन बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के संकल्प को जन भागीदारी से एक महाअभियान का रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में राज्य शासन ने निर्णय लिया है कि नागरिकों समुदायों, शासकीय विभाग एवं स्वैच्छिक संगठनों के सहयोग से एक से 5 मार्च 2022 तक अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण का अभियान चलाया जाए। इस निर्णय के परिपालन में इंदौर जिले में भी पौधरोपण महाअभियान चलाया जायेगा। अभियान के तहत पौधरोपण के लिए लक्ष्य आवंटित कर दिये गये हैं। जिले में 20 हजार पौधरोपण का लक्ष्य है।
कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने इस अभियान को पूरी गंभीरता से संचालित करने सभी संबंधित अधिकारियों को राज्य शासन द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है। राज्य शासन के निर्देशानुसार अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में किया गया है। जिसमें सभी स्टेक होल्डर्स को सम्मिलित किया गया है। समिति एक से 5 मार्च, 2022 के पौधारोपण अभियान का सतत समन्वय, अनुश्रवण एवं मॉनिटरिंग करेगी तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करेगी। जनपद पंचायतवार भी समितियां बनायी गयी हैं।
इस अभियान के लिए जिले में 20 हजार पौधरोपण का लक्ष्य है। यह लक्ष्य विभागवार आवंटित कर दिये गये हैं। समस्त शासकीय कार्यालयों के भवनों,सार्वजनिक उपक्रमों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, निगम, मंडलों के कार्यालयों के प्रांगण में उपयुक्त स्थान पर पौधारोपण किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त स्कूल, कॉलेज, आंगनवाडी, छात्रावास, पंचायत आदि के परिसरों में भी पौधारोपण किया जा सकता है। उपलब्ध अन्य शासकीय एवं वन भूमियों पर भी पौधारोपण किया जा सकेगा। इस अभियान से जुड़ने वाला प्रत्येक व्यक्ति MCMEVENTS पोर्टल https://webcast.gov.in/mp/ cmevents पर तथा एक से 5 मार्च, के मध्य विशेष रूप से बनाई गई मिस कॉल सेवा नंबर 0755-2706666 पर मिसकॉल देकर सूचना दे सकते है। सामूहिक रूप से किये गये पौधारोपण कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी व्यक्तियों से मिस्ड कॉल देने की अपील की गई है।