इंदौर। संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतुल चंद्र सिन्हा द्वारा बताया गया है कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगर पालिका की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2022 की तैयारियों हेतु स्टेण्डिंग कमेटी के बैठक 6 अप्रैल को आहूत की गई है।
उक्त बैठक अपरान्ह 5 बजे कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक 102 सभागृह में आयोजित की गई है।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर पालिकाओं की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम 2022 के संबंध में जारी कार्यक्रम अनुसार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 4 अप्रैल 2022 को नगर पालिक निगम के समस्त 85 वार्डो में कार्यालय रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, कार्यालय नगर पालिक निगम, इन्दौर में किया जा चुका है।
फोटोयुक्त मतदाता सूची पर दावे आपत्ति केन्द्रों पर नियुक्त प्राधिकृत कर्मचारियों के माध्यम से 4 अप्रैल 2022 से 11 अप्रैल 2022 के दोपहर 3 बजे तक प्राप्त किये जायेंगे।
आयोग के निर्देशानुसार नगर पालिका की प्रारूप मतदाता सूची मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों को उपलब्ध कराई जाने के संबंध में उक्त बैठक आयोजित की जा रही है।