15 से अधिक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त, घरों में तोड़फोड़ की, अन्य वाहनों के भी कांच फोड़े, पुलिस ने स्थिति संभाली, बताया जा रहा है रूपए के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक सिमरोल थाना क्षेत्र के दतोदा में गुरुवार रात दो पक्षों में बड़ा विवाद हो गया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों एक दूसरे पर पत्थर और डंडे चलाए। घटना में एक पक्ष के आधा दर्जनभर से अधिक लोग घायल हैं। सिमरोल पुलिस सहित अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बताया कि रुपये के लेनदेन को लेकर दतोदा में विवाद हुआ था। घटना के दौरान हमलावरों में 12 से अधिक मकानों में तोड़फोड़ की। 15 से अधिक बाइक को नुकसान पहुंचाया।
अन्य वाहनों के भी कांच फोड़े। देर रात सिमरोल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। घटना के बाद से ही पूरे गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। एसडीएम अक्षत जैन का कहना है कि तोड़फोड़ हुए मकान और टू व्हीलर फोर व्हीलर वाहनों के पंचनामे पटवारी के द्वारा बनवाए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि किशोर चौहान ने अपने आठ रिश्तेदारों के साथ नरेंद्र मुंडेल के साथ 2,100 रुपये को लेकर तीखी बहस की। किशोर और अन्य ने मुंडेल के साथ मारपीट की और फिर उन पर और उनके घर पर पथराव किया। इस घटना में उनके घर के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल और एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। हमले में शंकरलाल चौहान, अर्जुन देवड़ा, सुरेंद्र चौहान, प्रह्लाद और चार वर्षीय हिमांशी चौहान घायल हुए।
किशोर चौहान की शिकायत पर नरेंद्र मुंडेल और 85 अन्य पर केस दर्ज किया। दूसरे पक्ष से भी रिपोर्ट लिखाई गई। इसमें किशोर चौहान और आठ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शशिकांत कनकने ने कहा कि हमले में लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस ने समय रहते स्थिति संभाल ली। कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। स्थिति नियंत्रण में है।