श्रेया घोषाल व मनोज मुंतशिर देंगे प्रस्तुति, मुख्यमंत्री चौहान भी होंगे शामिल
इन्दौर। इन्दौर गौरव महोत्सव के अन्तर्गत आज इन्दौर गौरव दिवस का मुख्य कार्यक्रम माँ अहिल्या की जन्मतिथि पर 31 मई को स्थानीय नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जायेगा।
यह कार्यक्रम शाम को 5 बजे से आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विशेष रूप से शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका श्रेया घोषाल तथा मनोज मुंतशिर की प्रस्तुति होगी।
साथ ही इन्दौर के गौरव का सम्मान किया जायेगा। आकर्षक लेजर शो भी आयोजित किया गया है।
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, कलेक्टर मनीष सिंह, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर द्वय मनीष कपूरिया तथा राजेश हिंगणकर, नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल, भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदीवे आदि ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाये, जिससे कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
मुख्यमंत्री चौहान विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 31 मई को इन्दौर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री चौहान शाम 5 बजे एरोड्रम रोड स्थित नरसिंह वाटिका में कोविड महामारी के दौरान मृत अभिभावकों के अनाथ बच्चों से मुलाकात करेंगे।
उनकी समस्याएं सुनेंगे। इसके बाद चौहान लोधीपुरा से आँगनवाड़ियों को सुदृढ़ बनाने के लिए जनसहयोग एकत्रीकरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री चौहान शाम को 7 बजे नेहरू स्टेडियम पहुंचेंगे और गौरव दिवस के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।

