इन्दौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र की एक घटना में महिला को घर में अकेला देख दो बदमाश उसके घर में घुस गए और दुष्कर्म का प्रयास करने लगे। महिला ने शोर मचा दिया तो पास से ही उसका पति और सास आ गए, जिन्हें देखकर बदमाश उस समय तो भाग गए लेकिन कुछ देर बाद वापस अपने कुछ और साथियों के साथी आए और घर में घुसकर महिला के पति और सास की बेरहमी से पिटाई कर दी। मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 वर्षीय महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 30 मई शाम 7.30 बजे वह घर पर अकेली थी, तभी बंगाली चौराहे पर रहने वाले आरोपी सोहन और लखन घर में घुस गए और उसके साथ छेडछाड़ कर दुष्कर्म का प्रयास करने लगे।
उसने शोर मचाया तो पति और सास आ गए जिन्हें देख दोनों धमकी देकर भाग गए बाद में सोहन व लखन अपने साथी कुलदीप, विनोद, लखन सभी निवासी बंगाली चौराहा के साथ घर में जबरन घुस गए और पीड़िता के पति और सास के साथ बेरहमी से मारपीट की और धमकी दी कि अगर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई तो जान से मार देंगे।
फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 376 डी 511, 506 का प्रकरण दर्ज किया है।


