इंदौर। शहर में आपसी विवादों को लेकर बदमाशों द्वारा चाकूबाजी करना अब सामान्य बात हो गई है। चाकू मारने वाले बदमाशों में अब न पुलिस का खौफ रहा और न ही कानून का डर।
फिर एक बार शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आपसी विवाद के बाद चाकूबाजी की घटनाओ की जानकारी सामने आई है। राजेंद्र नगर थाने में फरियादी विष्णु ने पुलिस को बताया कि आरोपी राजा और उसके दोस्त चीकू से पुराना विवाद चल रहा था तभी गड़बड़ी पुलिया के पास दोनों आरोपी आए और उसके साथ विवाद करने लगे।
आरोपी राजा ने जेब से चाकू निकाला और उसे मारकर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
एक और मामले में गांधीनगर थाने में फरियादी शुभम ने पुलिस को बताया कि आरोपी संजय यादव और उसके दो साथियों के खिलाफ उसने 2019 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसी बात की खुन्नस निकालने के लिए आरोपियों ने उसे चाकू मारकर घायल कर दिया।
विजय नगर थाने में फरियादी अतुल मिश्रा ने पुलिस को बताया कि आरोपी गोलू उसकी पान की दुकान पर आया और सुपारी लेने की बात पर उसे कटर मारकर घायल कर दिया। सभी मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।