इन्दौर। पड़ोसी के घर के बाहर बैठे लड़कों से आपसी विवाद में पड़ोसी के वहां आये युवक ने गोली चला दी जिससे वह घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर बीच-बचाव करने घायल लड़के की मां आई तो बदमाश ने उसे भी गोली मार दी , जिससे उसकी वहीं मौत हो गई उधर गोली लगने से घायल लड़के का इलाज एमवाय अस्पताल में चल रहा है, घटना के बाद आरोपी फरार हो गया ।
चंदन नगर थाना प्रभारी अभय नेमा के अनुसार घटना रात्रि 10.55 बजे के लगभग की है। फरियादी आसिफ अपने दोस्त शाहरुख के साथ घर के बाहर ओटले पर बैठा था , जहां पर पड़ोसी से उसकी नोकझोंक हो गई । इसी दौरान पड़ोसी के घर शराब के नशे में आया आरोपी जफर गाली गलौज करने लगा ।
इस दौरान आसिफ ने उसे थप्पड़ मार दिया , जिसके बाद आरोपी मौके से गया और अपने साथ तलवार और पिस्टल लेकर आया और आसिफ पर फायर कर दिया , जिससे गोली उसके पैर में लगी आवाज सुनकर मां सन्नो बी पति शफीक बीच बचाव करने आई तो आरोपी ने उसकी छाती में गोली मार दी , जिसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
वहीं आसिफ का उपचार चल रहा है। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। घटना की जानकारी लगते ही टीआई अभय नेमा मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल से गोली के खोल मिले हैं।
पुलिस ने आरोपी जफर को पकड़ने के लिए रातभर उसके घर व अन्य जगह छापे मारे लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।


