भोपाल । शहर के हबीबगंज थाना इलाके मे बेगमगंज से एमए की पढाई करने भोपाल आकर अपने रिश्तेदार के घर रह रही छात्रा के साथ रिश्तेदार युवक द्वारा शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने उससे दिखावे के लिये चोरी छिपे शादी कर उसका शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया।
बीते दिनो जब युवती की तबियत खराब हुई तो आरोपी उसे उसकी मां के घर छोड़कर चंपत हो गया। बाद मे पीड़िता ने परिजनों को सारी बात बताई। इसके बाद परिवार वालो की समझाइश पर युवती ने बेगमगंज पुलिस से शिकायत की थी, स्थानीय पुलिस ने जीरो पर मामला कायम कर केस डायरी भोपाल पुलिस को भेज दी।
थाना पुलिस के अनुसार बेगमगंज की रहने वाली 20 युवती ने अपनी शिकायत मे बताया कि वो पूर्व में भोपाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। दो साल पहले लॉकडाउन लगने के कारण वो वापस अपने घर वापस चली गई थी। दो महीने पहले उसने वापस भोपाल आकर एमए सेकंड ईयर में एडमिशन लेकर पढाई शुरु की।
इस दौरान वो अपने एक रिश्तेदार के घर रहती थी। उस रिश्तेदार के घर युवती के अन्य रिश्तेदार युवक करण वर्मा का आना-जाना था। जल्द ही उनके बीच अच्छी पहचान हो गई। आरोप है कि एक महीने पहले आरोपी करण ने उसपर दबाव बनाते हुए धमकी देकर शादी कर ली, और उसका शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया।
इस दौरान करण ने पीड़िता को उसके परिवार वालो से किसी भी तरह संपर्क नही करने दिया ओर फोन पर भी बात नहीं करने दी। बीते दिनों युवती की तबीयत बिगड़ गई, कई दिनो तक जब उसकी तबीयत ठीक नही हुई तो करण युवती को उसके बेगमगंज स्थित घर पर छोड़कर चंपत हो गया, और कई दिनों तक उससे कोई संपर्क नही किया।
वही युवती ने अपने परिवार वालो को सारी बात बताई। इसके बाद परिवार वालो के साथ स्थानीय थाने जाकर करण के खिलाफ शिकायत की। दुष्कर्म का घटनास्थल भोपाल होने के कारण बेगमगंज पुलिस ने जीरो पर कायमी करने के बाद आगे की कार्यवाही के लिये केस डायरी हबीबगंज पुलिस को भेज दी। पुलिस ने बलात्कार का प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


