इन्दौर। इन्दौर जिले में इंदौर नगर निगम सहित सभी आठों नगर परिषदों में उत्साह और उल्लास के साथ शांतिपूर्ण रूप से मतदान संपन्न हुआ। समाज के सभी वर्गों ने भारी उत्साह के साथ मतदान किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इंदौर नगर निगम क्षेत्र में औसत रूप से 60.88% प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसी तरह आठों नगर परिषदों में अनंतिम जानकारी के अनुसार 76 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है।
युवाओं से लेकर बुजुर्ग मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदान कर अपनी हिस्सेदारी दी। सुबह से ही मतदान के लिये उत्साह देखा गया। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं ने कतारबद्ध होकर शांतिपूर्ण रूप से मतदान किया। इंदौर में सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक 55.74 फीसदी औसत मतदान हुआ था, इसके बाद दोपहर तीन बजे तक कुल 51.26 फीसदी औसत मतदान के समाचार प्राप्त हुए थे। मतदाताओं की सुविधा के लिये मतदान केन्द्रों पर विभिन्न व्यवस्थाएं की गई थी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी थे।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इंदौर नगर निगम क्षेत्र में कुल 18 लाख 35 हजार 317 मतदाताओं में से कुल 11 लाख 17 हजार 300 मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 590685 पुरूषों व 526600 महिलाओं ने मतदान में भाग लिया। इसके अलावा 16 थर्ड जेंडर के वोट भी पड़े।
इंदौर में विधानसभा क्षेत्र क्र. 1 (वार्ड क्र. 1 से 17) में 63.88 प्रतिशत मतदान हुआ, यहां 391724 मतदाताओं में से 250229 मतदाताओं ने मतदान किया। विधानसभा क्षेत्र क्र. 2 (वार्ड क्र. 18 से 36) में कुल 58.31 प्रतिशत वोट पड़े, यहां 400002 मतदाओं में से 233235 मतदाताओं ने वोट डाले।
विधानसभा क्षेत्र क्र. 3 (वार्ड क्र. 55 से 64) में 61.65 प्रतिशत मतदान हुआ, यहां कुल 190169 मतदाताओं में से 1172246 मतदाताओं ने मतदान किया। विधानसभा क्षे. क्र. 4 (वार्ड क्र. 65 से 73 व 82 से 85) में 63.79 प्रतिशत मतदान हुआ, यहां 248211 में से 158341 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
विधानसभा क्षे. क्र. 5 (वार्ड क्र. 37 से 54) में 58.06 प्रतिशत वोटिंग हुई, यहां कुल 397481 मतदाताओं में से 230776 मतदाताओं ने अपने मतदान किया। राऊ (वार्ड क्र. 74 से 81) में 61.36 फीसदी मतदान हुआ, यहां 207730 मतदाताओं में से 127473 मतदाताओं ने वोटिंग में भाग लिया।
नगर परिषदों में सर्वाधिक 87.90 प्रतिशत मतदान हातोद में
इसी प्रकार इन्दौर जिले की आठों नगर परिषदों में कुल एक लाख 23 हजार 532 मतदाताओं में से 93 हजार 908 मतदाताओं ने मताधिकार का उपयोग किया।
अनंतिम जानकारी के अनुसार 76 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है। जिले के नगर परिषद बेटमा में 82.85 प्रतिशत, देपालपुर में 78.30 प्रतिशत, गौतमपुरा में 82.83 प्रतिशत, हातोद में 87.90 प्रतिशत, महूगांव में 68.40 प्रतिशत, मानपुर में 79.95 प्रतिशत, राऊ में 74.17 प्रतिशत तथा सांवेर में 72.16 प्रतिशत मतदान हुआ।

