जीएसटी की मार से गरीब-मध्यम वर्ग के उपभोक्ता और छोटे व्यापारियों की टूटेगी कमर, बड़ी कंपनियों को होगा फायदा

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
3 Min Read

जीएसटी की नई दरों की घोषणा होने के बाद अब विपक्षी पार्टियों की तरह व्यापारी भी कहने लगे हैं कि केंद्र सरकार के इस कदम से केवल बड़ी कंपनियों को फायदा होगा, जबकि गरीब-मध्यम वर्ग के उपभोक्ताओं और छोटे व्यापारियों की कमर टूट जाएगी। बड़ी कंपनियों पर इन दरों का ज्यादा असर नहीं होगा, क्योंकि उनके ज्यादातर उत्पाद पहले से ही इस कर दायरे के अंदर थे। केंद्र के इस फैसले के बाद दूध, दही, पनीर, बल्ब से लेकर पेंसिल-पेन और होटल-अस्पताल के कमरे तक महंगे हो जाएंगे। केंद्र के इस फैसले के बाद व्यापारियों ने 26 जुलाई को भोपाल में एक बैठक के बाद आंदोलन करने का मन बना लिया है।

कैसे होगा बड़ी कंपनियों को लाभ
केंद्र सरकार ने पहले ही बड़ी अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के पैक्ड-ब्रांडेड उत्पादों को पांच, 12 और 18 फीसदी के जीएसटी कर दायरे में ला दिया था। इससे उनके उत्पाद खुले बाजार में महंगे पड़ रहे थे, जबकि छोटी कंपनियों के खुले या छोटे-छोटे पैक में बेचे जा रहे उत्पाद ब्रांडेड कंपनियों के न होने के कारण इस दायरे से बाहर थे औऱ खुले बाजार में सस्ती दरों पर बिक रहे थे।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब छोटी कंपनियों के पैक्ड सामान पर भी पांच, 12 या 18 फीसदी तक का टैक्स लगेगा। इससे छोटी कंपनियों के उत्पाद भी महंगे हो जाएंगे। छोटी कंपनियों के उत्पादों और बड़ी ब्रांडेड कंपनियों के उत्पादों में बेहद मामूली अंतर रह जाने के बाद ग्राहक थोड़ा ज्यादा पैसे देकर ब्रांडेड उत्पाद खरीदना चाहेगा। इससे छोटी कंपनियों को नुकसान होगा, जबकि बड़ी कंपनियों के माल की बिक्री में बढ़ोतरी होगी।

छोटे व्यापारियों को कैसे नुकसान
व्यापारियों के संगठन कैट के नेता सुमीत अग्रवाल ने अमर उजाला को बताया कि निचले स्तर का व्यापारी अब तक छोटी-मोटी दुकानदारी करता था, लिहाजा वह कर दायरे से बाहर था। उसने अब तक टैक्स सिस्टम के लिए भी स्वयं को रजिस्टर नहीं करा रखा था। लेकिन अब हर माल की बिक्री दिखाने के लिए उसे जीएसटी नंबर लेना अनिवार्य हो जाएगा। इससे उसका लेजर मेंटेन करने का खर्च बढ़ जाएगा। चूंकि, केंद्र ने 25 किलो से ज्यादा के पैक पर कोई जीएसटी न लगाने का निर्णय लिया है, लिहाजा बड़े व्यापारी इस कर सिस्टम से अप्रभावित रहेंगे। वे पहले की तरह अपना टैक्स देते रहेंगे।

भाजपा ने किया बचाव
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जफर इस्लाम ने कहा है कि जीएसटी की नई दरों की विपक्ष गलत आधार पर आलोचना कर रहा है। सच्चाई यह है कि जीएसटी कांउंसिल में सभी राज्यों के वित्त मंत्री होते हैं और सबकी सहमति लेने के बाद ही इस तरह के फैसले को लागू किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह फैसला सबकी सहमति से लिया गया है।

Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।