नीट विवाद : छात्राओं के इनरवियर उतरवाने पर राष्ट्रीय महिला आयोग सख्त, पुलिस की बड़ी कार्रवाई में पांच आरोपी गिरफ्तार 

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
3 Min Read

Education News. राष्ट्रीय महिला आयोग ने केरल में नीट यूजी 2022 परीक्षा से पहले स्क्रीनिंग के दौरान कई छात्राओं को अपने इनरवियर को उतारने के लिए मजबूर किए जाने के मामले को गंभीरता से लिया है।

आयोग ने मामले में संज्ञान लेते हुए समयबद्ध रिपोर्ट तलब की है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने कहा कि यह घटना बेटियों के मान- सम्मान के लिए शर्मनाक और अपमानजनक है।

नीट यूजी 2022 की परीक्षा रविवार, 17 जुलाई को देश-विदेश के 550 से अधिक शहरों में आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए 18.72 लाख उम्मीदवार पंजीकृत थे।

इनमें से करीब 10 लाख छात्राएं हैं। परीक्षा के दौरान केरल के कोल्लम स्थित एक निजी परीक्षा केंद्र पर यह प्रकरण सामने आया है। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी आक्रोश देखा गया है। अब मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लिया है और कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।

एनटीए प्रमुख को स्वतंत्र जांच के निर्देश
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के चेयरमैन विनीत जोशी को छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र जांच करने और जिम्मेदारों के खिलाफ कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करने के लिए लिखा है। आयोग ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी से मामले की समयबद्ध जांच की भी मांग की है।

पांच आरोपी गिरफ्तार
केरल में छात्राओं को अपने इनरवियर को उतारने के लिए मजबूर करने वाली पांच आरोपी महिलाएं गिरफ्तार कर ली गई हैं। केरल पुलिस ने यह जानकारी दी है।

केरल पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच कर रही टीम द्वारा पूछताछ के बाद पांचों महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।

इनमें से तीन महिलाएं एनटीए द्वारा किराए पर ली गई एक एजेंसी के लिए काम करती थीं, दो कोल्लम के अयूर में निजी शैक्षणिक संस्थान के लिए काम करती थीं, जहां यह घटना हुई थी।

पुलिस ने कहा कि आईपीसी की धारा 354 (महिला का शील भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक दबाव) और 509 (महिला के शील का अपमान करने का इरादा) को जोड़ा गया है।

Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।