महू छावनी क्षेत्र में हुई सनसनीखेज गैंगरेप की वारदात पर विपक्ष हुआ हमलावर, राहुल मायावती बोले- भाजपा राज में कानून खत्म

4 Min Read

 

सीएम मोहन यादव ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

इंदौर। इंदौर के पास जाम गेट क्षेत्र में सेना के अफसरों पर हमला और महिला मित्र से गैंगरेप की खबर की घटना ने देश में राजनीतिक भूचाल ला दिया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और बसपा सुप्रीमो मायावती ने भाजपा सरकार को जमकर घेरा है। दोनों ने कहा है कि महिला सुरक्षा के मामले में भाजपा पूरी तरह से विफल है। न तो कानून व्यवस्था है न ही जनता की कहीं सुनवाई है।

राहुल गांधी ने क्या कहा

मध्य प्रदेश में सेना के दो जवानों के साथ हिंसा और उनकी महिला साथी के साथ दुष्कर्म पूरे समाज को शर्मसार करने के लिए काफी है। भाजपा शासित राज्यों की कानून व्यवस्था लगभग अस्तित्वहीन है – और, महिलाओं के खिलाफ दिन प्रतिदिन बढ़ते अपराधों पर भाजपा सरकार का नकारात्मक रवैया अत्यंत चिंताजनक। अपराधियों की ये निर्भीकता प्रशासन की पूर्ण नाकामी का परिणाम है और इस कारण देश में पनपता असुरक्षित वातावरण भारत की बेटियों की स्वतंत्रता, उनकी आकांक्षाओं पर बंदिश है। समाज और सरकार दोनों शर्मिंदा हों और गंभीरता से विचार करें – देश की आधी आबादी की रक्षा की जिम्मेदारी से कब तक आंख चुराएंगे !

मायावती  ने यह बोला

मध्यप्रदेश के इंदौर में पर्यटन स्थल जाम गेट में घूमने गए सेना के दो अफसरों पर हमला, उन्हें बंधक बनाना तथा उनकी महिला मित्रों के साथ दुष्कर्म की घटना अति-शर्मनाक। सरकारों द्वारा लगातार हो रही ऐसी जघन्य घटनाओं को उसकी गंभीरता से नहीं लेने से ही स्थिति बेकाबू। सरकार ध्यान दे।

राहुल गांधी के बयान पर सीएम मोहन यादव बोले 

राहुल गांधी के इंदौर मामले पर दिये गए बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी। सीएम मोहन यादव ने कहा कि राहुल गांधी फुर्सत से हैं, उनके पास कोई काम नहीं है। उनकी अपनी पार्टी में क्या चल रहा है, उन्हें खुद मालूम नहीं है। राहुल गांधी देश को लज्जित करने का काम अमेरिका में करते हैं।

यह थी पूरी घटना

इंदौर के पास स्थित पर्यटक स्थल जाम गेट पर अपनी महिला मित्रों के साथ देर रात आर्मी के अधिकारी घूमने आए थे। यहां पर शूटिंग रेंज भी है जहां सभी आपस में बैठकर बातें कर रहे थे। तभी कुछ बदमाश आए और सभी को बंधक बना लिया। इसके बाद सेना के अधिकारियों की जमकर पिटाई की। एक अफसर व एक युवती को बंधक बना लिया और साथी अफसर के साथ एक युवती को छोड़ दिया। इन्हें बोला कि 10 लाख रुपए लेकर आओ तभी इन दोनों को छोड़ेंगे।

बदमाशों के चंगुल से छूटकर आए अधिकारी और महिला ने अपनी ही आर्मी यूनिट और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचते ही बदमाश दोनों बंधक को छोड़कर भाग निकले। जिस महिला मित्र को बंधक बनाया था उसके साथ गैंगरेप की आशंका है। घायल सेना के अधिकारियों और महिला मित्रों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना मंगलवार देर रात 2.30 बजे घटी थी। बुधवार शाम को महिलाओं को होश आया। ग्रामीण एसपी हितिका वासल के अनुसार आर्मी के अधिकारियों के बयान के आधार पर लूट, मारपीट, फिरौती व सामूहिक दुष्कर्म की आशंका में केस दर्ज किया है।

Share This Article