प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीपावली पर सैनिकों के साथ उपस्थिति अब राष्ट्र की रक्षा परंपरा का अभिन्न अंग बन चुकी है। 2014 में सियाचिन से शुरू हुई यह श्रृंखला 2025 में आईएनएस विक्रांत तक पहुँची और 2026 में छत्तीसगढ़ के बस्तर में कोबरा ऑपरेशंस बेस, करनपुर पहुँचकर तेरहवीं बार पूरी हुई। हिमालय की ऊँचाइयों, सीमावर्ती घाटियों, रेगिस्तान, कच्छ और समुद्र से लेकर अब आंतरिक सुरक्षा के हृदयस्थल तक का यह सफर सुरक्षा चुनौतियों के बदलते स्वरूप को दर्शाता है।
बस्तर में सुरक्षा बलों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह पहली दीपावली है जब देश ने नक्सलवाद-माओवादी आतंक के विरुद्ध दशकों लंबी लड़ाई जीत ली है और हर जिला नक्सल प्रभाव से मुक्त है। उन्होंने सुरक्षा बलों के बलिदान को इस उपलब्धि का मुख्य श्रेय दिया तथा बताया कि पिछले एक वर्ष में 47 वर्षों में पहली बार कोई सीआरपीएफ जवान ड्यूटी के दौरान शहीद नहीं हुआ। यह आँकड़ा नीति, संकल्प और जमीनी संचालन की सफलता का प्रमाण है।
रणनीतिक दृष्टि से यह क्षण महत्वपूर्ण है। आंतरिक सुरक्षा की मजबूती बाहरी सीमाओं की रक्षा का आधार है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, मोबाइल कनेक्टिविटी, स्कूल और विकास परियोजनाओं के विस्तार ने स्थानीय समर्थन बढ़ाया तथा हिंसा का आधार कमजोर किया। साथ ही, सशस्त्र नक्सल समाप्त होने के बावजूद वैचारिक चुनौती की चेतावनी सतर्कता बनाए रखने की याद दिलाती है।
परिवार से दूर रहकर सीमा और जंगल की रक्षा करने वाले जवानों के साथ त्योहार मनाना केवल प्रतीकात्मक नहीं। यह राष्ट्र के सर्वोच्च नेतृत्व द्वारा यह संदेश है कि उनकी सेवा को देश कभी नहीं भूलता। निरंतरता और व्यक्तिगत उपस्थिति ने इस परंपरा को विश्व में विशिष्ट स्थान दिया है। बस्तर की यह दीपावली सुरक्षा बलों के साहस और राष्ट्र की एकजुट इच्छाशक्ति का प्रतीक बनकर इतिहास में दर्ज हो गई है। अगर पूरे विश्व के इतिहास पर गौर किया जाए तो हम पाते हैं कि हर वर्ष सबसे बड़े त्यौहार को इस तरह से मनाने वाले मोदी पहले नेता हैं, वह भी विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के।


