मीडिया चुनाव आयोग और न्याय पर भी उनका कब्जा
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने होशियारपुर में में भारत जोड़ों यात्रा में हुई सुरक्षा चूक पर कहा कि कोई आया और मिलकर चला गया उत्साह में ऐसी घटनाएं हो जाती हैं। दरअसल होशियारपुर में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान मंगलवार को एक व्यक्ति राहुल गांधी की ओर दौड़कर आया और उन्हें गले लगाने की कोशिश की लेकिन उनके साथ चल रहे पार्टी की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने उसे वहां से हटा दिया। कांग्रेस ने इसे सुरक्षा की चूक बताया जबकि पुलिस महानिरीक्षक जीएस ढिल्लों ने दावा किया कि राहुल गांधी ने खुद उस व्यक्ति को बुलाया था और सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई है।
वडिंग ने कहा सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई है और वह व्यक्ति गांधी का एक उत्साही समर्थक था। राहुल गांधी ने होशियारपुर में प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि हिंदुस्तान के सारे संस्थानों को आरएसएस और भाजपा ने कंट्रोल कर रखा है। यही नहीं उन्होंने मीडिया चुनाव आयोग और न्यायपालिका को भी अपने कब्जे में कर रखा है। यह लड़ाई सिर्फ राजनीतिक दलों के बीच की लड़ाई है।
राहुल ने कहा सामान्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया हिंदुस्तान में नहीं रह गई है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में अमीर और अमीर होता जा रहा है जबकि गरीब और गरीब होता जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा देश के 1 फीसदी लोगों के पास देश की 40 फीसदी संपत्ति है. उन्होंने कहा देश में 21 लोगों के पास उतना धन है जितना 70 करोड़ लोगों के पास है।
वरुण गांधी के कांग्रेस में आने या भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने को लेकर राहुल गांधी ने कहा वरुण गांधी भाजपा में हैं मेरी विचारधारा उनकी विचारधारा से नहीं मिलती। मेरे परिवार की एक विचारधारा है। उन्होंने कहा कि वरुण ने उस विचारधारा को अपना बनाया मैं वरुण से गले लग सकता हूं लेकिन उस विचारधारा को स्वीकार नहीं कर सकता।