Press "Enter" to skip to content

निलंबित भाजपा नेता टी राजा सिंह फिर हैदराबाद पुलिस की हिरासत में

इससे पहले मंगलवार को गिरफ्तारी के बाद जमानत मिली थी

तेलंगाना। निलंबित भाजपा नेता राजा सिंह को हैदराबाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। विवादित टिप्पणी के बाद उनका जोरदार विरोध हो रहा था। हैदराबाद पुलिस के मुताबिक, भाजपा के निलंबित नेता टी राजा सिंह को पीडी एक्ट के तहत हिरासत में लिया गया है।

उनके खिलाफ दर्ज 101 आपराधिक मामलों में से वह 18 सांप्रदायिक अपराधों में शामिल थे। मंगलहाट पुलिस ने उस पर पीडी के आदेश को अमल में लाया। उन्हें सेंट्रल जेल, चेरियापल्ली में बंद किया जा रहा है।

इससे पहले टी राजा सिंह को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद देर शाम उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई थी। जमानत के बाद से ही हैदराबाद में बवाल मच गया। जमानत के विरोध में उग्र लोगों ने जगह-जगह रातभर प्रदर्शन किया। इस बीच राजा सिंह के वकील को फोन पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

सोमवार रात से ही हैदराबाद में जगह-जगह प्रदर्शन हुए। तब सिंह की गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी, लेकिन गिरफ्तारी के बाद जमानत मिलने पर मंगलवार रात को भीड़ ने ‘गुस्ताखे नबी की एक ही सजा, सिर तन से जुदा’ के नारे लगाए। नारा लगाने वाले को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान अब्दुहु कशफ के रूप में हुई है।

निलंबित भाजपा विधायक टी राजा सिंह गोशामहल से विधायक हैं। हैदराबाद के दबीरपुरा पुलिस थाने में विधायक सिंह के खिलाफ भादंवि की धारा 295(a) और 153(a) समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया था। कोर्ट ने पहले उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था, लेकिन बाद में आदेश वापस लेते हुए उन्हें जमानत दे दी।

क्या है मामला?
हास्य कलाकार मुनव्वर फारुकी के शो के बाद विधायक सिंह ने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, उसे लेकर उन्हें गिरफ्तार किया गया था। भारी विरोध के बाद भाजपा ने विधायक टी राजा सिंह को पार्टी से निलंबित कर दिया था।

सिंह ने मंगलवार को वीडियो जारी कर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसके बाद उन्होंने इसे मजाक करार दिया था, लेकिन बड़ी संख्या में लोग उनके विरोध में सड़कों पर उतरे आए थे।
सिंह ने एक वीडियो जारी करके मुनव्वर फारुकी पर हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया था। मुनव्वर ने पिछले हफ्ते ही हैदराबाद में एक कॉमेडी शो किया था। सिंह ने इस शो को रोकने की धमकी देते हुए सेट को आग लगाने की धमकी दी थी।
Spread the love
More from National NewsMore posts in National News »