Crime News:  नकली शराब का कारोबार: 5 की मौत, रासुका की कार्रवाई के आदेश

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
3 Min Read

Crime News। शांतिपूर्ण शहर माँअहिल्या की नगरी इंदौर में नकली शराब का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। इंदौर में कथित तौर पर नकली व्हिस्की पीने से पांच लोगों की मौत के बीच जिला प्रशासन ने इस मामले में गिरफ्तार 34 वर्षीय कारोबारी पर कड़े प्रावधानों वाले राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाने का आदेश जारी किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि मानव जीवन के लिए हानिकारक नकली शराब का कारोबार करने के आरोपी जिम्मी असरानी (34) के खिलाफ प्रशासन ने रासुका के तहत कार्रवाई करने का आदेश जारी किया है। उन्होंने बताया कि असरानी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

इस बीच, बाणगंगा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मोहन सिंह (38) की शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह एक बैंक में कैशियर थे। उन्होंने बताया कि मरीमाता इलाके के एक बार में 24 जुलाई को शराब पीने के बाद सिंह की तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सिंह के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया और उनकी मौत के मामले की जांच शुरू कर दी गई है। चश्मदीदों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद सिंह के आक्रोशित परिजनों ने अंतिम यात्रा के दौरान उनकी अर्थी को मरीमाता चौराहे पर रखकर नकली शराब के कारोबार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इससे व्यस्त चौराहे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ।

चश्मदीदों के मुताबिक पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सिंह के परिजनों को नकली शराब कांड में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया और इसके बाद उनकी अंतिम यात्रा श्मशान के लिए रवाना हुई।इस बीच, पुलिस अधीक्षक  महेशचंद्र जैन ने बताया कि पखवाड़े भर के भीतर शहर के दो बार में शराब पीने के अलग-अलग घटनाक्रमों में चार अन्य लोगों की भी मौत हुई है। इनकी उम्र 30 से 40 साल के बीच थी। उन्होंने बताया कि पुलिस की जांच में पता चला कि शराब पीने के बाद दम तोड़ने वाले इन लोगों ने एक ही ब्रांड की कथित तौर पर नकली व्हिस्की का सेवन किया था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नकली शराब कांड में दोनों बारों के संचालकों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और मामले में विस्तृत जांच जारी है।

Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।