यह जानकारी मध्य प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने बीते सोमवार को दी थी. पटेल ने ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में मध्य प्रदेश में जनकल्याण और सुराज अभियान के तहत हरदा में स्वामित्व योजना अंतर्गत भू अधिकार अभिलेख के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के लिए उन्हें आमंत्रण दिया गया था. इसके लिए पीएम मोदी ने स्वीकृति दे दी है. कार्यक्रम के आयोजन के लिए पहले ही प्रशासन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई थी. व्यापक पैमाने पर आंदोलन की तैयारियां की गई हैं.
देश का पहला जिला हरदा
पटेल ने लिखा कि हम सभी के लिए गौरव का विषय है कि प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना में हरदा जिला ग्रामीण आबादी भूमि का 100 प्रतिशत सर्वे कर देश का प्रथम जिला बन गया है और मोदी जी 6 अक्टूबर को इस उपलक्ष्य में प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे. इसके बाद मंत्री पटेल ने यह जानकारी न्यूज एजेंसी पीटीआई से साझा करते हुए कहा कि पीएम मोदी इस अवसर पर इस योजना के लाभार्थियों से बातचीत भी करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर राज्य के 3,000 गांवों के 1,71,000 ग्रामीणों को भू अधिकार अभिलेख भी प्रदान करेंगे. पटेल ने कहा कि इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे. कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गई है. ई-प्रॉपर्टी कार्ड मिलने से हितग्राहियों को काफी लाभ मिलने की संभावना है.


