वीर तेजाजी महाराज के 923 वें बलिदान दिवस पर धौलिया में वार्षिक मेला हर्षोल्लास से सम्पन्न
09 सितंबर ब्यावर- सेंदड़ा ग्राम पंचायत के राजस्व ग्राम धोलिया में वीर तेजाजी महाराज मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विक्रम संवत् 2083 का वार्षिक मेला हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। वीर तेजाजी महाराज कि गौरक्षा में दी गई शहादत के 923 वें वर्ष लगे मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।
मेले के अवसर पर श्रद्धालुओं ने वीर तेजाजी महाराज के दर्शन कर धोक लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। महिलाओं एवं पुरुषों सहित बड़ी संख्या में भक्तजन मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की।
रात्रि में आयोजित भजन संध्या एवं जागरण में पुना महाराज बोरवाड़ एवं उनकी भजन मंडली ने वीर तेजाजी महाराज की भक्ति से ओत-प्रोत भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर धुनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। भजनों पर श्रद्धालु झूमते और नाचते नजर आए तथा देर रात तक भक्तिमय माहौल बना रहा।
इस अवसर पर मेला विकास कमेटी धौलिया के अध्यक्ष हरदेव सिंह चौहान ने वार्षिक मेले के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए समस्त ग्रामवासियों, श्रद्धालुओं, भक्तजनों, सहयोगकर्ताओं एवं मेला आयोजन से जुड़े सभी लोगों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और आपसी भाईचारे से ही मेले का सफल आयोजन संभव हो पाया।
मेला विकास कमेटी ने आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी व्यक्तियों का आभार जताते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की।


