अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के उप मुख्य टिकट निरीक्षक हरदेव सिंह चौहान ने अपनी सतर्कता, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए एक महिला यात्री का खोया हुआ लेडीज़ पर्स सुरक्षित बरामद कर नियमानुसार रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को सुपुर्द किया।
दिनांक 18 जुलाई को हरदेव सिंह चौहान गाड़ी संख्या 09258 में शकूरबस्ती से अजमेर तक ड्यूटी पर कार्यरत थे। इसी दौरान उन्हें रेल मदद (RailMadad) ऐप पर महिला यात्री पिंकी शर्मा, पत्नी हेमंत शर्मा, के लेडीज़ पर्स खोने की शिकायत प्राप्त हुई।
शिकायत के अनुसार, यात्री दंपति बी-3 कोच में गुड़गांव से रिंगस यात्रा कर रहे थे, तथा खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए रिंगस स्टेशन पर उतर गए। जल्दबाजी में वे अपना लेडीज़ पर्स बर्थ संख्या 20 पर ही भूल गए। पर्स में 17,750 नकद, घर की चाबियों के दो गुच्छे तथा अन्य आवश्यक सामान रखा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, हरदेव सिंह चौहान से पहले रेल्वे की दो एजेंसियां भी संबंधित कोच की तलाशी ले चुकी थीं, लेकिन पर्स बरामद नहीं हो सका। इसके बाद उपमुख्य टिकट निरीक्षक हरदेव सिंह चौहान ने स्वयं गहन तलाशी लेकर पर्स सुरक्षित बरामद किया। उन्होंने पर्स को किशनगढ़ रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के कांस्टेबल अमरचंद को अग्रिम आवश्यक कार्रवाई एवं यात्री को सुपुर्द करने की प्रक्रिया के लिए सौंप दिया।
इस सराहनीय कार्य पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, अजमेर मिहिर देव ने उपमुख्य टिकट निरीक्षक हरदेव सिंह चौहान की तत्परता, ईमानदारी एवं यात्रियों के प्रति समर्पित सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि “रेलवे का प्रत्येक कर्मचारी यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं विश्वास बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। हरदेव सिंह चौहान ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से रेलवे की सकारात्मक कार्य संस्कृति का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। ऐसे कार्य अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।”


