अरविंद सिंह लोधी
तेजगढ़। मां भारती की आराधना और राष्ट्रभक्ति की पवित्र भावना से ओत-प्रोत ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल, तेजगढ़ के प्रांगण में सामूहिक ‘वन्दे मातरम्’ गायन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति और भारतीय संस्कृति की भावना का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर में समिति सदस्यों, पूर्व छात्रों, अभिभावक बंधुओं, आचार्य परिवार तथा विद्यालय के भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। ‘नमामि भारतम्—वन्दे मातरम्’ कार्यक्रम में कुल 362 सदस्यों की उपस्थिति दर्ज की गई।
एक सुर, एक स्वर और एक भावना—वन्दे मातरम्
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री मयंक विश्वकर्मा, शिक्षक द्वारा की गई। वहीं कार्यक्रम के साक्षी के रूप में श्री दीपचंद सिंघई, सेवानिवृत्त शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की औपचारिक सत्यापन प्रक्रिया श्री मोहित शर्मा, ब्रांच पोस्टमास्टर, तेजगढ़ द्वारा पूर्ण की गई। सामूहिक गायन के दौरान विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के स्वर से गूंज उठा। भैया-बहनों सहित उपस्थित सभी सदस्यों ने एक साथ ‘वन्दे मातरम्’ का गायन कर मां भारती के प्रति अपनी श्रद्धा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना व्यक्त की।
362 सहभागियों ने बनाया आयोजन को यादगार
आयोजन की सबसे विशेष बात रही कि इसमें 362 सदस्यों ने सहभागिता दर्ज कराई, जिससे कार्यक्रम को व्यापक जनसहभागिता मिली। विद्यालय परिवार ने इस ऐतिहासिक अवसर को केवल एक आयोजन के रूप में नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, संस्कार और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान जागृत करने के अवसर के रूप में मनाया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री अतुल कुमार सोनी ने सभी अतिथियों, समिति सदस्यों, पूर्व छात्रों, अभिभावकों, आचार्य परिवार एवं भैया-बहनों का आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रगीत के सामूहिक स्वर के साथ तेजगढ़ का विद्यालय परिसर कुछ देर के लिए ऐसा वातावरण बना रहा, मानो हर कंठ से एक ही संदेश निकल रहा हो— “वन्दे मातरम्… वन्दे मातरम्…”


