MP के 66वे स्थापना दिवस पर CM ने सभी प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, लिया आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाने का संकल्प

sadbhawnapaati
3 Min Read

 

देश का दिल कहे जाने वाला राज्य “मध्यप्रदेश” आज 01 नवंबर 2021 को अपना 66वां स्थापना दिवस मना रहा है। बता दें कि, 66वें स्थापना दिवस के मौके पर पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। “मध्यप्रदेश स्थापना दिवस” के अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी प्रदेशवासियों को बधाई दी।

सीएम ने ट्वीट कर दी बधाई

एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने किया ट्वीट, कहा- मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस की सभी भाइयों-बहनों व भांजे-भांजियों को हार्दिक बधाई। हमारा प्राणों से प्यारा प्रदेश विकास पथ पर तीव्रतम गति से गतिमान हो, हम सब मिलकर प्रदेश की प्रगति और उन्नति में योगदान दें। आइये, नवनिर्माण में जुट जायें। शिवराज सिंह चौहान ने कहा- “आप सभी प्रदेशवासियों को मध्यप्रदेश राज्य के 66वें गौरवशाली स्थापना दिवस पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं”

सीएम ने कहा आप सभी को मध्य प्रदेश के 66वें स्थापना दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आज से 65 वर्ष पहले मध्य प्रदेश की स्थापना हुई थी। मध्य प्रदेश ने इतने वर्षों में कई पड़ाव देखे हैं। कभी बीमारू राज्य कहे जाने वाले इस प्रदेश ने पिछले 15 वर्षों में विकास की करवट ली है। तभी से हमने समृद्ध और स्वर्णिम मध्य प्रदेश बनाने का संकल्प लिया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है। उन्हीं की संकल्पना के अनुरूप हमने आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की परिकल्पना की। हमारा लक्ष्य वर्ष 2023 तक प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने का है। मैंने 15 वर्ष पूर्व जब पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, उस समय मध्य प्रदेश में मूलभूत सुविधाओं का अभाव था। सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार इन सभी सुविधाओं की प्रदेश में कमी थी।

मैंने अपने जीवन का हर पल प्रदेश के विकास और लोगों के उत्थान के लिए समर्पित किया है। पिछले डेढ़ दशक में प्रदेश में हुए सकारात्मक बदलाव व अधोसंरचना के निर्माण का हर नागरिक साक्षी है। आज मुझे इस बात का गर्व है कि आप सभी के सहयोग और आशीर्वाद से हम प्रदेश को बीमारू से विकासशील और विकासशील से आत्मनिर्भर की ओर अग्रसर करने में सफल हुए हैं।

साथ ही सीएम ने कहा दीपावली का त्योहार सावधानी के साथ मनाएं क्योंकि कोरोना का संकट अभी टला नहीं है। आप सभी को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं।

मैं आशा करता हूं कि आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के स्वप्न को साकार करने के लिए आपका प्रेम और विश्वास मुझे आगे भी उसी तरह प्राप्त होता रहेगा, जिस तरह से अब तक प्राप्त हुआ है। आइये हम सब मिलकर स्वर्णिम, समृद्ध और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश बनाएं। आप सभी को मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस पर एक बार फिर बधाई और शुभकामनाएं।

Share This Article