MP Top News in Hindi – मध्यप्रदेश की ख़ास ख़बरें |

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
4 Min Read

MP Top News -1

उज्जैन: जींस की जेब में रखा मोबाइल फटा और लग गई आग, युवक के हाथ-पैर झुलसे

इन दिनों गर्मी के तीखे तेवर देखने को मिल रहे हैं। घर के बाहर निकलना मुश्किल है तो घर में भी गर्मी की चुभन महसूस हो रही है। गर्मी का असर इंसानों के साथ अब मोबाइलों पर भी पड़ने लगा है।
अगर आप टाइट जींस पहनकर उसमें मोबाइल रखते हैं तो थोड़ा सतर्क रहियेगा, क्योंकि उज्जैन में ऐसी घटना हुई है जिसमें जींस की जेब में मोबाइल फट गया और युवक झुलस गया।
दरअसल उज्जैन के रहने वाले निर्मल पमनानी गंगा फुटवियर के नाम से दुकान चलाते हैं। शहर के निजातपुरा में उनकी दुकान है। रोज की तरह वे शनिवार को अपनी दुकान पर बैठे थे। उनके पास रेडमी कंपनी का मोबाइल था जो जींस की आगे की जेब में रखा हुआ था।
आसमान से बरस रही गर्मी और जेब में रखे होने के कारण मोबाइल अचानक गर्म हो गया। व्यापारी अपने काम में लगे रहे और मोबाइल गर्म होता चला गया। कुछ देर बाद अचानक जेब में मोबाइल फट गया और जींस ने आग पकड़ ली।
इस दौरान मोबाइल बाहर निकल गया। पास बैठे दोस्त ने आग बुझाई। हालांकि इस घटना में निर्मल की जांघ व हाथ झुलस गए। उसे अस्पताल ले गए जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दी गई।
इस मामले में डॉक्टरों का कहना था कि संभवतः रातभर मोबाइल चार्ज करने के कारण ऐसी स्थिति बनती है। ओवरचार्जिंग के कारण मोबाइल गर्म हो जाते हैं और फटने की स्थिति बनती है। धूप के कारण भी मोबाइल गर्म होते हैं ऐसे में सतर्कता जरूरी है।

MP Top News -2

मुख्यमंत्री चौहान ने फोटोग्राफर खलिक अहमद के निधन पर शोक व्यक्त किया

भोपाल.  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वरिष्ठ फोटोग्राफर खलिक अहमद के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को शांति तथा उनके परिवार को इस दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करें। खालिक अहमद, जनसंपर्क संचालनालय से सेवानिवृत्त हुए। उन्होंने राजभवन और मुख्यमंत्री प्रेस प्रकोष्ठ में लम्बे समय तक सेवाएँ दी। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने फोटोग्राफी के क्षेत्र में अनेक उपलब्धियां भी अर्जित की।

MP Top News -3

खरगोन दंगों में प्रभावित परिवारों को बर्तन, खाद्य सामग्री और कपड़े किये वितरित

खरगोन/इन्दौर। रविवार को खरगोन के स्वामी विवेकानंद सभागृह में दंगों में प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री बांटी गई। क्षेत्रीय सांसद गजेंद्र पटेल ने प्रभावितों से चर्चा की और उन्हें राहत सामग्री प्रदान की गई।
यह राहत सामग्री एनटीपीसी द्वारा उपलब्ध कराई गई है। राहत सामग्री में किराना सामान के अलावा घर गृहस्थी की सामग्री जैसे बर्तन और कपड़े भी बांटे गये। सामग्री वितरित करने के बाद प्रभावितों के घर सामग्री पहुँचाने के लिए वाहन की व्यवस्था भी की गई।
एसडीएम कार्यालय खरगोन से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 122 प्रभावितों को सामग्री प्रदान की गई। इस दौरान पूर्व कृषि राज्य मंत्री बालकृष्ण पाटीदार, पूर्व विधायक बाबूलाल महाजन, एनटीपीसी के मुख्य जनरल मैनेजर कनोजिया आदि उपस्थित रहे।
Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।