बताया जा रहा है कि 17 साल की इस लड़की ने कुछ दिनों पहले अपना जन्मदिन मनाया था। जन्मदिन की कुछ तस्वीरें उसने इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी। लेकिन कुछ बदमाशों ने इंस्टाग्राम से उसकी यह तस्वीरें निकाल ली। इसके बाद मॉर्फिंग के जरिए इन तस्वीरों को एडिट कर न्यूड बना दिया गया और फिर इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया गया।
यह भी कहा जा रहा है कि इस घिनौनी करतूत में लड़की के ही गांव के कुछ लड़कों का हाथ है। इन लड़कों ने गांव का एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया था। इस ग्रुप में छात्रा को भी जोड़ा गया था। लेकिन छात्रा ने यह ग्रुप छोड़ दिया था। बताया जा रहा है कि कुछ लड़के इसी बात पर लड़की से नाराज थे।
प्रशासनिक अधिकारी बनना चाहती है छात्रा
बता दें कि इस होनहार छात्रा ने 93 प्रतिशत मार्क्स हासिल किये थे। छात्रा एक प्रशासनिक अधिकारी बनने की ख्वाहिश रखती है। अब छात्रा के साथ हुई इस घटना के बाद परिजन परेशान है। परिजनों ने पहले खुद से उन लोगों के बारे में तफ्तीश करने की कोशिश की जिन्होंने इस गंदी हरकत को अंजाम दिया है। लेकिन कुछ भी पता नहीं चलने के बाद अब परिजनों ने एसएसपी के पास न्याय की गुहार लगाई है। बहरहाल मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और पूछताछ की गई है।

