अजमेर । सेंट थॉमस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अजमेर में शैक्षणिक सत्र 2025–26 के अंतर्गत वार्षिक दिवस एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन विद्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य अतिथियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
समारोह के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) अजमेर, आरएएस नरेंद्र कुमार मीणा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला रसद अधिकारी अजमेर ग्रामीण नीरज जैन ने की। मंच पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षकगण एवं आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि नरेंद्र कुमार मीणा ने विभिन्न कक्षाओं में शैक्षणिक, खेलकूद एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन एवं निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया। छात्रा मिनाक्षी चौहान ने राजस्थानी गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया, जिससे कार्यक्रम की शोभा और भी बढ़ गई। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा। वहीं छात्र पंकज चौहान ने अपनी टीम के साथ प्रभावशाली समूह प्रस्तुति देकर सभी को प्रभावित किया। अन्य छात्राओं द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक एवं समूह नृत्य भी अत्यंत सराहनीय रहे।
समारोह में उपमुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई) हरदेव सिंह चौहान भी विशेष आमंत्रण पर उपस्थित रहे। साथ ही पत्रकार पदमा चौहान की उपस्थिति भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने वाली रही।कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

