तेजगढ़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 एकड़ में अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़, एसडीओपी स्वयं पहुंचीं मौके पर

अरविंद सिंह लोधी
By
Arvind Singh Lodhi
Damoh madhya Pradesh
3 Min Read

अरविंद सिंह लोधी दमोह

दमोह जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। तेजगढ़ थाना अंतर्गत पुलिस चौकी इमलिया घाट क्षेत्र के ग्राम मुराडी, ग्राम पंचायत सुहेला में लगभग 5 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देशन में की गई, जिसमें पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई स्पष्ट रूप से देखने को मिली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इमलिया चौकी प्रभारी अक्षयेंद्रनाथ सूर्यवंशी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मुराडी में एक आदिवासी की निजी भूमि पर बड़े पैमाने पर अफीम के पौधे लगाए गए हैं। सूचना मिलते ही उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और विशेष टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान खेत में अफीम के हरे-भरे पौधे पाए गए, जिन्हें तत्काल प्रभाव से जप्त किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अर्चना अहीर (एसडीओपी, तेंदूखेड़ा) स्वयं मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए साक्ष्य संकलित किए तथा आगे की जांच प्रारंभ की।

इस अभियान में तेजगढ़ थाना प्रभारी अरविंद सिंह लोधी सहित समस्त पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। खेतों में लगे अफीम के पौधों को नियमानुसार उखाड़कर जप्त किया गया और संबंधित धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

तेजगढ़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 एकड़ में अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध अफीम की खेती कानूनन गंभीर अपराध है और समाज में नशे की प्रवृत्ति को बढ़ावा देती है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आवश्यक है, ताकि युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से बचाया जा सके और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

चौकी प्रभारी अक्षयेंद्रनाथ सूर्यवंशी की सतर्कता और त्वरित निर्णय क्षमता के चलते समय रहते इतनी बड़ी अवैध खेती का खुलासा संभव हो सका। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे अपराध के विरुद्ध एक सशक्त कदम बताया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध खेती में और कौन-कौन लोग संलिप्त हैं। आने वाले दिनों में इस प्रकरण में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Share This Article
Damoh madhya Pradesh