अमेरिका ने इतिहास रच दिया है। सेंटकॉम (यूएस सैंट्रल कमांड) ने पहली बार युद्ध में एक-तरफा हमलावर समुद्री ड्रोन, जिन्हें अनमैन्ड ‘सुसाइड बोट्स’ या ‘कामिकाज़े सी ड्रोन’ भी कहा जा सकता है, का इस्तेमाल किया। सारोनिक टेक्नोलॉजीज के ‘कॉर्सेयर’ (Corsair) मॉडल के तीन स्वायत्त सतही वाहनों ने ईरान के ‘बंदर अब्बास’ नौसैनिक अड्डे पर हमला कर एक पनडुब्बी और जहाज मैंटेनैंस सुविधा को निशाना बनाया। यह अमेरिकी सेना के लिए समुद्री ड्रोन युद्ध का प्रथम युद्धक उपयोग है।
यह घटना महज एक तकनीकी उपलब्धि नहीं, बल्कि आधुनिक युद्धकला में एक मील का पत्थर है। कॉर्सेयर जैसा 24 फीट लंबा, 35 नॉट्स से अधिक गति वाला, 1000 पाउंड पेलोड ले जाने में सक्षम और 1000 समुद्री मील तक की रेंज वाला ड्रोन कम लागत में उच्च प्रभाव पैदा कर सकता है। यह मैनेड जहाजों को खतरे में डाले बिना दुश्मन के तटीय ठिकानों, बेड़े या बंदरगाहों पर सटीक हमला करने की क्षमता प्रदान करता है।
मध्य पूर्व में प्रभाव
फारस की खाड़ी और हार्मुज जलडमरूमध्य जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में समुद्री ड्रोन असममित युद्ध को नई ऊंचाई देंगे। ईरान की फास्ट अटैक बोट्स और प्रॉक्सी फोर्सेज के खिलाफ ये ‘बग जाकर’ साबित हो सकते हैं। होउती या अन्य समूह भी इस तकनीक को अपनाकर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को बाधित कर सकते हैं। पारंपरिक नौसेना अब स्वायत्त स्वार्म हमलों के सामने चुनौतीपूर्ण स्थिति में है।
रूस-यूक्रेन युद्ध का सबक
यूक्रेन ने 2023 से ही ‘मागुरा’ और ‘सी बेबी’ जैसे समुद्री ड्रोन से रूसी ब्लैक सी फ्लीट को भारी नुकसान पहुंचाया है। रूस के कई युद्धपोत डूबे या क्षतिग्रस्त हुए, जिससे बेड़े को पीछे हटना पड़ा। अमेरिका का यह कदम यूक्रेनियन नवाचार से सीख का परिणाम प्रतीत होता है। भविष्य में युद्ध सस्ते, स्वायत्त, एक-बार इस्तेमाल होने वाले प्लेटफॉर्म्स पर निर्भर होंगे, जहां मात्रा गुणवत्ता पर भारी पड़ेगी।
रणनीतिक निहितार्थ
यह विकास नौसेना रणनीति को बदल देगा। बड़े विमानवाहक समूहों के साथ-साथ सस्ते ‘अट्रिटेबल’ ड्रोन बेड़े की जरूरत बढ़ेगी। भारत जैसे देशों को भी अपनी तटीय सुरक्षा, आइलैंड चेन और हिंद महासागर में समुद्री ड्रोन क्षमताएं तेजी से विकसित करनी चाहिए।
समुद्री ड्रोन युद्ध का नया अध्याय शुरू हो चुका है। जो राष्ट्र इस तकनीक में आगे रहेंगे, वे समुद्र पर नियंत्रण बनाए रख सकेंगे। यह चेतावनी है- तैयारी अब विलंब सहन नहीं कर सकती।


