भारतीय नौसेना का तलवार श्रेणी का फ्रिगेट शिप ‘आईएनएस त्रिशूल’ हाल ही में ग्रीस के सौदा बे में अपनी बंदरगाह यात्रा पूर्ण कर भूमध्य सागर में अपनी तैनाती वाली ड्यूटी पर वापस पहुँच चुइका है। 31 अक्टूबर को पहुँचा यह युद्धपोत 3 नवंबर को वहाँ से रवाना हुआ। इस दौरान भारतीय और हेलेनिक नौसेनाओं के बीच पेशेवर आदान-प्रदान, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा स्थानीय सुविधाओं के भ्रमण ने द्विपक्षीय नौसैनिक संबंधों को और मजबूत किया।
यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा था ग्रीक फ्रिगेट एचएस लिम्नोस (एफ-451) के साथ किया गया युद्धाभ्यास ‘पासएक्स’। इसमें सीमैनशिप और मैन्यूवरिंग ड्रिल्स, क्रॉस-डेक हेलीकॉप्टर लैंडिंग तथा संचार अभ्यास शामिल रहे। ये अभ्यास दोनों नौसेनाओं की अंतर-संचालन क्षमता बढ़ाने और साझा समुद्री अनुभवों के आदान-प्रदान का अवसर बने। भारतीय राजदूत रवि शंकर ने जहाज का दौरा कर चालक दल से मुलाकात की। स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने कूटनीतिक और सामुदायिक संपर्कों को भी बल दिया।
यह दौरा भारत-ग्रीस रक्षा सहयोग की बढ़ती गहराई का प्रमाण है। सौदा बे स्थित नाटो समुद्री अवरोध प्रशिक्षण केंद्र और अमेरिकी नौसेना सहायता गतिविधि सुविधाओं से परिचय भारतीय नौसेना के वैश्विक दृष्टिकोण को रेखांकित करता है। भूमध्य सागर जैसे रणनीतिक क्षेत्र में भारतीय युद्धपोत की सक्रिय उपस्थिति न केवल क्षेत्रीय स्थिरता में योगदान देती है, बल्कि इंडो-पैसिफिक से परे भारत की समुद्री कूटनीति की व्यापकता को भी दर्शाती है।


