Press "Enter" to skip to content

समाज द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना अत्यंत नेक कार्य- श्री व्यास

-हाईस्कूल तथा हायर सेकेंडरी कक्षाओं के 20 विद्यार्थी पुरस्कृत
-पचास हजार की पुस्तकें एवं कैलकुलेटर प्रदान किए गए
इंदौर। विद्यादान तो उत्तम दान है फिर चाहे वह प्रत्यक्ष रूप से दिया जाए चाहे पुस्तक प्रदान कर अप्रत्यक्ष रूप से विद्यार्थी को दिया जाए। हमारे शासकीय विद्यालयों में अधिकांश आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पालकों के बच्चे पढ़ने आते हैं लेकिन वे बहुत प्रतिभाशाली होते हैं। उन्हें शैक्षणिक प्रोत्साहन की जरूरत होती है। यदि संस्था, समाज, ट्रस्ट ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करता है तो वे भविष्य के अब्दुल कलाम, लाल बहादुर शास्त्री, डॉ. अम्बेडकर होंगे।
उपरोक्त उद्गार जिला शिक्षा अधिकारी मंगलेश व्यास ने एन. बी.पंडित चैरिटेबल ट्रस्ट एवं राज्य आदर्श शिक्षक मंच द्वारा आयोजित कार्यक्रम व्यक्त किए। श्री व्यास ने शासकीय विजय स्कूल के 20 मेधावी बच्चों को (स्कूल की सत्र 21-22 की मेरिट लिस्ट अनुसार) ट्रस्ट द्वारा प्रदान 50 हजार मूल्य की पुस्तकें प्रोत्साहन स्वरूप दीं। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अगले सत्र में शासन द्वारा प्रायोजित मेधावी छात्र लैपटॉप योजना का लाभ भी इस विद्यालय के अधिक से अधिक शिक्षार्थी लें। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने छात्र -छात्राओं के लिए बहुत-सी योजना लागू की हैं । बच्चों को इसका लाभ लेना चाहिए।
रस्म के संयोजक एवं एन.बी.पंडित चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष भगवतीप्रसाद पंडित ने कहा कि ट्रस्ट के माध्यम से हम प्रतिवर्ष अपने माता-पिता की स्मृति में सरकारी स्कूल के मेधावी बच्चों को शैक्षणिक वस्तुएं प्रदान करते हैं क्योंकि हम भी सरकारी स्कूल में पढ़े हैं और बड़ी कठिनाइयों से शिक्षा प्राप्त की है। हम बच्चों एवं उनके पालकों की पीड़ा समझते हैं कि वे किन परिस्थितियों का सामना करते हैं। आज हम जो भी हैं अपने माता-पिता की बदौलत हैं और साल में जो भी कमाते हैं उसका कुछ भाग से ऐसे बच्चों को पुरस्कृत करते हैं जो विपरीत स्थिति में भी बहुत अच्छा परिणाम दे रहे हैं। हम धार्मिक कार्यों में कम किन्तु शैक्षणिक कार्यों में अधिक व्यय करना पसंद करते हैं। पिछले कुछ वर्षों से हम बिना किसी प्रचार प्रसार के अपने कार्य में लगे हैं। आज पहली बार इतने बच्चो को एक साथ पुरस्कृत किया है। वैसे भी हमारा बजट छोटा है पर भाव बड़ा है। कार्यक्रम में रोटरी मंडल 3040 के मंडल प्रभारी अक्षय गुप्ता ने सभी विद्यार्थियों को कैलकुलेटर प्रदान किए। शाला की प्राचार्य श्रीमती शबाना शेख ने वर्ष 21- 22 में विद्यालय की शैक्षिक प्रगति की जानकारी दी। प्रारम्भ में अतिथियों का स्वागत सुश्री सीमा शर्मा, ओमप्रकाश चौहान, सी.एस. किराड़े, रजत रोज आदि ने किया। संचालन प्रवीण जोशी ने किया, आभार ट्रस्ट के सचिव लक्ष्मीकांत पंडित ने माना।
Spread the love
More from Indore NewsMore posts in Indore News »