मुंबई। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने 61वें दिन महाराष्ट्र में पहुंचने जा रही है, जहां अब उन्हें शिव सेना के नेता आदित्य ठाकरे का साथ मिलने जा रहा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही यात्रा सोमवार शाम को तेलंगाना के मेनुरु गांव से होकर महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी।
जहां तेलंगाना की कांग्रेस इकाई के प्रमुख रेवंत रेड्डी दो राज्यों की सीमा पर महाराष्ट्र में अपने समकक्ष नाना पटोले को तिरंगा सौंपने का काम करने वाले हैं। इस मौके पर राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में उद्धव की जगह आदित्य ठाकरे शामिल होने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक 9 नवंबर को आदित्य राहुल गांधी के साथ दिखाई दे सकते हैं।
राहुल गांधी की पैदल यात्रा दो महीने बाद दक्षिण राज्यों में चलकर महाराष्ट्र पहुंचने वाली है। तमिलनाडु के कन्याकुमारी में भारत के दक्षिण-पूर्वी हिस्से से 7 सितंबर को शुरू हुई यात्रा अब पश्चिमी प्रायद्वीपीय क्षेत्र में पहुंच गई है। महाराष्ट्र में राहुल गांधी का कुछ रैलियों का आयोजन करने का कार्यक्रम है, जिनमें से एक नांदेड़ जिले में भी है।
महाराष्ट्र में अपनी 14 दिनों की यात्रा के दौरान, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष 15 विधानसभा और छह संसदीय क्षेत्रों के माध्यम से 381 किमी चलने वाले हैं। इस दौरान वह रोजाना 22 से 23 किलोमीटर चलने वाले हैं, और 20 नवंबर की शाम को मध्य प्रदेश में प्रवेश करने से पहले नांदेड़, हिंगोली, वाशिम और अकोला और बुलढाणा जिलों से गुजरने वाले हैं।
3,570 किलोमीटर और 150 दिनों तक चलने वाला यह पैदल मार्च 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुआ था और जम्मू-कश्मीर में समाप्त होगा।
भाजपा के डर से भारत जोड़ों यात्रा में शामिल नहीं हो रहे बॉलीवुड के बड़े सितारे –
कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले का आरोप
महाराष्ट्र के कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर बीजेपी पर बड़ा हमला किया है। पटोले ने कहा कि बीजेपी सरकार के डर की वजह से बॉलीवुड के बड़े सितारे भारत जोड़ों यात्रा में शामिल नहीं हो रहे हैं। पटोले ने कहा कि कई बड़े फिल्मी सितारों ने हमसे संपर्क किया।
हमारी बैठकें भी उनके साथ हुईं। बॉलीवुड के बड़े सितारों ने अपना समर्थन कांग्रेस की इस भारत जोड़ो यात्रा को दिया है। इन सितारों का कहना है कि वह देश के लिए काम करते हैं। फिलहाल देश की स्थिति बहुत ही गंभीर है। वहां अपना समर्थन इस यात्रा को दे रहें है, लेकिन सामने नहीं आएंगे।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार राहुल गांधी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के हिस्से के रूप में 10 और 18 नवंबर को महाराष्ट्र में दो रैलियों में भाषण देने वाले हैं। महाराष्ट्र में भारत जोड़ो यात्रा के हिस्से के रूप में राहुल गांधी की पहली रैली 10 नवंबर को नांदेड़ जिले में और दूसरी 18 नवंबर को बुलढाणा जिले के शेगांव में होगी।