Press "Enter" to skip to content

Indore Top News – खजराना गणेश को सवा लाख मोदक का भोग लगेगा, प्रसाद निर्माण शुरू 

दस सुपर भट्टियों पर 40 रसोइये 96 घंटे में तैयार करेंगे मोदक प्रसाद – गणेश पुराण कथा भी होगी 
इन्दौर। खजराना स्थित सिद्धि विनायक गणेश मंदिर पर इस बार खजराना गणेश को सवा लाख मोदक का प्रसाद समर्पित किया जाएगा। इसके लिए भक्त मंडल की ओर से आज से मंदिर पर मोदक निर्माण के काम का शुभारंभ निगमायुक्त एवं मंदिर प्रशासक श्रीमती प्रतिभा पाल ने पं. मोहन भट्ट एवं पं. अशोक भट्ट द्वारा वैदिक मंगलाचरण के बीच किया।
मंदिर पर 31 अगस्त से 9 सितम्बर तक पहली बार गणेश पुराण कथा का आयोजन भी प्रतिदिन अपरान्ह 4 से सायं 7 बजे तक होगा। आचार्य पं. रमेशचंद्र शास्त्री मंदिर के कंचन हाल में गणेश पुराण कथा की प्रस्तुति देंगे।
श्री सिद्धि विनायक भक्त मंडल के अरविंद बागड़ी एवं कैलाश पंच ने बताया कि शहर के प्रसिद्ध रसोइये खेमजी महाराज और उनके 40 महाराज आज से 10 सुपर भट्टी पर मोदक निर्माण में जुट गए हैं। मोदक का निर्माण पूरे 96 घंटे तक चलेगा।
सवा लाख मोदक प्रसाद के निर्माण में 750 किलो मैदा, 500 किलो घी, 400 किलो तिल्ली, 500 किलो गुड़, 200  किलो मूंगफली दाना एवं 40 किलो खोपरा बूरा का प्रयोग किया जाएगा। मोदक प्रसाद का वितरण प्रतिदिन मंदिर आने वाले गणेश भक्तों को किया जाएगा।
मंदिर प्रशासक एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कलेक्टर मनीषसिंह और निगमायुक्त प्रतिभा पाल के निर्देशन में गणेशोत्सव के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं।
प्रतिदिन अलग-अलग अनाज के लड्डुओं का भोग भी 
तय कार्यक्रम के अनुसार खजराना गणेश को प्रतिदिन 10 दिनों तक अलग-अलग किस्म के अनाज के लड्डुओं का भोग भी समर्पित किया जाएगा तथा प्रतिदिन संध्या को शहर के प्रमुख भजन गायकों की भजन संध्याएं भी आयोजित होंगी। हर दिन सुबह मंदिर का मनोहारी पुष्प श्रृंगार भी होगा। पहले दिन पुष्प बंगला सजेगा।
भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर में दर्शनों की व्यवस्था महाकाल की तर्ज पर रहेगी, जिससे किसी भी भक्त को दर्शन में आधे घंटे से अधिक का समय नहीं लगेगा। मंदिर के आसपास के सभी मार्गों की मरम्मत एवं वहां पर्याप्त प्रकाश सुविधा सुनिश्चित करने की व्यवस्था भी की गई है।
Spread the love
More from Indore NewsMore posts in Indore News »