Press "Enter" to skip to content

उज्जैन महाकाल: भस्म आरती के बाद अब श्रद्धालुओं को मिलेगा नाश्ता, 28 अप्रैल से शुरू होगी व्यवस्था

विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में भक्त बाबा महाकाल के दर्शन कर नाश्ता भी कर सकेंगे। भस्मारती के बाद प्रसाद स्वरूप भक्तों को नाश्ता दिया जाएगा। 28 अप्रैल से यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी।

जानकारी के मुताबिक महाकालेश्वर भगवान की भस्मारती में देशभर से सैकड़ों श्रद्धालु आते हैं। देर रात से ही कतारें लगना शुरू हो जाती हैं।

सुबह छह बजे तक भस्मारती चलती है। इसे देखते हुए मंदिर समिति ने निर्णय लिया है कि अब भस्मारती समाप्त होने के बाद भक्तों को स्वल्पाहार करवाया जाएगा।
इसके तहत चाय, पोहा तो कभी खिचड़ी दी जाएगी। मंदिर समिति के अनुसार देर रात से मंदिर आने वाले श्रद्धालु भस्म आरती दर्शन के लिए सुबह तक मंदिर में भूखे-प्यासे ही बैठते हैं, यही वजह है कि मंदिर समिति अब नई व्यवस्था शुरू करने जा रही है।

दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं को चाय-नाश्ता

28 अप्रैल से इसे शुरू किया जाएगा। इसके तहत प्रतिदिन सुबह 6 से सुबह 8 बजे तक लगभग दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं को चाय-नाश्ता वितरित किया जाएगा। इनमें वे सामग्रियां रहेंगी जो सुबह के नाश्ते के लिए उपयुक्त हों।
यह व्यवस्था दानदाताओं के सहयोग से चलेगी। श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति द्वारा अलग-अलग प्रकल्प के साथ ही निशुल्क अन्न क्षेत्र का संचालन भी किया जाता है।
अन्न क्षेत्र में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भगवान महाकाल के प्रसाद स्वरूप भोजन प्रसादी दिया जाता है।

श्रद्धालुओं को बांटे जाएंगे टोकन

गौरतलब है कि भगवान महाकाल की भस्मारती में प्रतिदिन करीब दो हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। इसके लिए देर रात से कतार लगना शुरू हो जाती है। नई व्यवस्था के अनुसार नाश्ते के लिए टोकन बांटे जाएंगे।
इसके लिए चार काउंटर बनाए जा रहे हैं। इनमें से दो काउंटर अन्न क्षेत्र में और दो महाकाल परिसर में लगेंगे। भस्म आरती संपन्न होने के बाद श्रद्धालु परिसर में लगे काउंटर से टोकन लेकर अन्न क्षेत्र पहुंच सकते हैं। सुबह 6 बजे चाय बनकर तैयार रहेगी।
नाश्ता बनाने के लिए रात 2 बजे से एक नई शिफ्ट में कर्मचारी आएंगे। अब तक अन्न क्षेत्र में सिर्फ दो शिफ्ट में 40 कर्मचारी खाना बनाने आते थे। गुरुवार से यहां तीन शिफ्ट में रात 2 बजे से सुबह 8 बजे तक, सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक और 2 से रात 9 बजे तक काम होगा।
Spread the love
More from Madhya Pradesh NewsMore posts in Madhya Pradesh News »