MP News – रेल, सड़क और एयरपोर्ट बेचकर राम के नाम पर वोट मांगती है भाजपा – सचिन पायलट

sadbhawnapaati
2 Min Read

MP News. मध्य प्रदेश में उपचुनाव का घमासान लगातार तेज होता जा रहा है। भाजपा और कांग्रेस के स्टार प्रचारक दमखम के साथ प्रतिद्वंदी दल पर हमलावर हैं। इसी कड़ी में बुधवार को राजस्थान के कांग्रेस नेता सचिन खंडवा लोकसभा सीट के लिए सभा को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान पायलट ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

पायलट ने मोदी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, कोरोनाकाल में ऑक्सीजन की कमी से लाखों लोगों की मौत हुई। वैक्सीन के नाम पर डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस के दाम बढ़ाए गए। 500-250 रुपए की वैक्सीन का जनता ने विरोध किया, तो फ्री बांटकर ढिंढोरा पीटना शुरु कर दिया। पायलट ने कहा कि, भाजपा सरकार ने रेल, एयरपोर्ट, सड़कों से लेकर बांध तक बेच दिये। 2014 के चुनाव में किसान और नौजवानों को स्वदेशी, कालाधन, महंगाई, रोजगार और विकास के सपने दिखाए। जब कुछ नहीं बचा, तो 2019 में भगवान राम के नाम पर वोट मांगे। भगवान राम सबके हैं। भाजपा ने केवल धर्म और जाति के नाम पर राजनीति की। विकास के नाम पर कुछ किया हो तो बताएं।

तीन कृषि कानूनों की चर्चा किससे की?

तीन कृषि कानूनों पर केंद्र सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि, ये कानून सरकार क्यों लेकर आई? किन किसानों से चर्चा की थी? किन पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए ऐसा किया जा रहा है? सब कुछ बेच दिया तो अब कृषि क्षेत्र का निजीकरण करने चले हैं।

Share This Article